रायगढ़ में महिला पुलिसकर्मी से हैवानियत, कपड़े फाड़कर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, डरावना वीडियो वायरल

रायगढ़ में महिला पुलिसकर्मी से हैवानियत, कपड़े फाड़कर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, डरावना वीडियो वायरल


रायगढ़: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के तमनार इलाके से महिला पुलिसकर्मी के साथ बर्बरता की सनसनीखेज घटना सामने आई है। हिंसक झड़प के दौरान उपद्रवियों ने एक महिला आरक्षक के साथ न सिर्फ मारपीट की, बल्कि उसके कपड़े फाड़कर उसे दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इस घटना का खौफनाक वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में दिखी अमानवीयता
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि उपद्रवी महिला पुलिसकर्मी को घेरकर बेरहमी से पीटते हैं। महिला आरक्षक जान बचाने के लिए हाथ-पैर जोड़कर रहम की गुहार लगाती रही, लेकिन हमलावरों पर इसका कोई असर नहीं पड़ा। किसी तरह वह मौके से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रही।
तीन दिन बाद सामने आया मामला
बताया जा रहा है कि यह वीडियो 27 दिसंबर का है, जो करीब तीन दिन बाद वायरल हुआ। पीड़ित महिला पुलिसकर्मी तमनार थाना में पदस्थ आरक्षक है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एलसीजी की धारा 67-ए और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109, 115(1), 132, 221, 296, 309 और 351 के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस की चुप्पी बनी सवाल
इस पूरे मामले में पुलिस अधिकारियों की चुप्पी भी कई सवाल खड़े कर रही है। जिले के एसपी ने मीडिया के सामने इस घटना पर कोई भी टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है, जिससे मामले को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।


राजनीतिक बयानबाजी तेज
घटना के सामने आने के बाद कांग्रेस ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कड़ी निंदा की है। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष ने कहा कि जब महिला पुलिसकर्मी ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता की सुरक्षा की कल्पना कैसे की जा सकती है। कांग्रेस ने दोषियों पर सख्त कार्रवाई और गृह मंत्री से जवाब की मांग की है।
वहीं भाजपा ने भी घटना को शर्मनाक बताते हुए कहा कि संविधान के दायरे में रहकर आंदोलन करना नागरिकों का अधिकार है, लेकिन महिला पुलिसकर्मी के साथ इस तरह की मारपीट पूरी तरह निंदनीय है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।