रायगढ़ क्राइम न्यूज। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। खरसिया थाना क्षेत्र के ठुसेकेला गांव में एक ही परिवार के चार सदस्यों की बेरहमी से हत्या कर दी गई। बाद में सभी शवों को घर के पास गोबर के ढेर में छिपा दिया गया। मृतकों में पति-पत्नी और उनके दो मासूम बच्चे शामिल हैं। इस घटना ने पूरे गांव और जिले को दहला कर रख दिया है।
ऐसे हुआ हत्याकांड का खुलासा
गांव के लोगों ने बताया कि मृतक परिवार के घर का दरवाजा लगातार तीन दिनों से बंद था। घर के भीतर से कोई हलचल नहीं हो रही थी। जब घर से तेज बदबू आने लगी तो ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तलाशी ली तो घर के पास बने गोबर के ढेर से चारों लाशें बरामद हुईं।
शवों की पहचान बुधराम उरांव (45), पत्नी सोहद्रा (40), बेटा अरविंद (10) और बेटी शिवांगी (5) के रूप में की गई।
फॉरेंसिक और पुलिस जांच जारी
वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को बुलाया। टीम ने घटनास्थल से अहम सबूत जुटाए। शुरुआती जांच में यह मामला निर्मम हत्या का लग रहा है। हालांकि हत्या के पीछे की वजह और आरोपियों की पहचान अब तक साफ नहीं हो पाई है। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारण और समय का खुलासा होगा।
गांव में दहशत और आक्रोश
ठुसेकेला गांव में इस जघन्य अपराध के बाद दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने आज तक इतनी खौफनाक घटना नहीं देखी। लोगों में गुस्सा और आक्रोश है। ग्रामीण मांग कर रहे हैं कि पुलिस जल्द से जल्द हत्यारों को गिरफ्तार करे और दोषियों को कड़ी सजा दिलाए।











