कोरबा।
कोरबा–चांपा मुख्य मार्ग पर ग्राम पंचायत पताढ़ी के पास मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हो गई। कोरबा की ओर से रॉन्ग साइड में तेज रफ्तार से आ रहे एक ट्रेलर ने चांपा की ओर से आ रहे प्याज से लदे वाहन को सामने से टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि प्याज वाहन का चालक केबिन में ही फंस गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
टक्कर की तीव्रता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही टोल नाका की राहत टीम मौके पर पहुंची और गैस कटर की मदद से केबिन काटकर चालक को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी जान जा चुकी थी।
वहीं ट्रेलर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। हादसे के बाद कुछ समय तक मुख्य मार्ग पर यातायात बाधित रहा, जिसे पुलिस ने नियंत्रित कर पुनः शुरू कराया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों वाहन तेज रफ्तार में थे और एक वाहन गलत दिशा में चल रहा था, जिससे आमने-सामने टक्कर हो गई।
उरगा थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि घायल चालक का अस्पताल में इलाज जारी है। मृत चालक के वाहन मालिक को सूचना दे दी गई है, उसके पहुंचने के बाद परिजनों को सूचित किया जाएगा। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है और हादसे के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।
रॉन्ग साइड से आ रहे ट्रेलर ने ली चालक की जान, कोरबा-चांपा मार्ग पर भीषण सड़क हादसा











