September 20, 2026

रायगढ़ में दर्दनाक घटना: तालाब में डूबने से हाथी के शावक की मौत, वन विभाग में हड़कंप

Screenshot_20251221_111847_Chrome

रायगढ़ जिले के वन परिक्षेत्र अंतर्गत बंगुरसिया सर्किल से एक दुखद खबर सामने आई है। यहां बड़झरिया तालाब में नहाने के दौरान हाथी के एक शावक की पानी में डूबने से मौत हो गई। यह घटना देर रात उस वक्त हुई, जब हाथियों का एक बड़ा झुंड तालाब के पास पहुंचा था।

मिली जानकारी के अनुसार, नहाते समय हाथी का शावक अचानक तालाब के गहरे हिस्से में चला गया और बाहर नहीं निकल सका, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बीते कुछ दिनों से इस क्षेत्र में करीब 32 हाथियों का दल सक्रिय रूप से विचरण कर रहा है, जिसके चलते आसपास के गांवों में पहले से ही सतर्कता बढ़ाई गई थी।

रात के समय हाथियों की तेज चिंघाड़ सुनकर वन विभाग के अमले को घटना की सूचना मिली। इसके बाद वन अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की गई। मृत शावक के शव को इंद्रा विहार ले जाकर विधि-विधान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।

घटना के दौरान एसडीओ, रेंजर सहित वन विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। उल्लेखनीय है कि जिले में बीते तीन महीनों के भीतर हाथियों की मौत का यह पांचवां मामला सामने आया है, जिससे वन्यजीव संरक्षण को लेकर चिंता और गहराती जा रही है।

You may have missed