November 3, 2026

देवास में शराब तस्करी रोकने पहुंचे थाना प्रभारी की ट्रक से कुचलकर मौत, CM मोहन यादव ने की ₹1 करोड़ की सहायता की घोषणा

1001868308-200kb

देवास (मध्य प्रदेश)। अवैध शराब तस्करी रोकने की कोशिश में मध्य प्रदेश पुलिस के एक थाना प्रभारी को अपनी जान गंवानी पड़ी। देवास जिले में शराब से भरे ट्रक को पकड़ने पहुंची पुलिस टीम के दौरान ट्रक की चपेट में आने से खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस महकमे में शोक का माहौल है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दिवंगत अधिकारी के परिवार को ₹1 करोड़ की आर्थिक सहायता और उनकी पत्नी को अनुकंपा नियुक्ति देने की घोषणा की है।

इंदौर-बैतूल हाईवे पर हुई घटना

मिली जानकारी के अनुसार, घटना रविवार और सोमवार की दरमियानी रात इंदौर-बैतूल हाईवे पर हुई। पुलिस टीम अवैध शराब से भरे एक आयशर वाहन को पकड़ने पहुंची थी। इसी दौरान वाहन चालक ने ट्रक आगे बढ़ा दिया। ट्रक का पिछला पहिया थाना प्रभारी दिलीप पुरी के ऊपर से गुजर गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायल थाना प्रभारी को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां करीब दो घंटे तक उपचार चला। हालांकि, तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।

मुख्यमंत्री ने की ₹1 करोड़ की सहायता की घोषणा

घटना के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दिवंगत थाना प्रभारी के परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए ₹1 करोड़ की आर्थिक सहायता देने और उनकी पत्नी को अनुकंपा नियुक्ति प्रदान करने की घोषणा की है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है, ताकि घटना से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों की विस्तृत जांच की जा सके।

एक आरोपी गिरफ्तार, ट्रक चालक की तलाश जारी

पुलिस ने मामले में केरम सिंह नामक एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। वहीं, फरार ट्रक चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस की ओर से घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

2007 बैच के अधिकारी थे दिलीप पुरी

थाना प्रभारी दिलीप पुरी वर्ष 2007 बैच के सब इंस्पेक्टर थे। वे मूल रूप से मध्य प्रदेश के धार जिले की सरदारपुर तहसील के ग्राम बरमंडल के निवासी थे। अपने पुलिस सेवा कार्यकाल के दौरान उन्होंने खंडवा, आलीराजपुर, बालाघाट, सतना, इंदौर और बड़वानी सहित कई जिलों में सेवाएं दी थीं।

कुछ महीने पहले ही उनका बड़वानी से देवास जिले में तबादला हुआ था। ड्यूटी के दौरान उनकी मौत से पुलिस विभाग में शोक व्याप्त है।

फिलहाल, मामले में SIT की जांच जारी है। पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश कर रही है और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।

— CGTMN News | खबरों पर नजर, जनता की आवाज

You may have missed