Ind vs SA ODI Raipur: टीम इंडिया रायपुर पहुंची, चार्टर्ड प्लेन से एक साथ आए खिलाड़ी; कल होगा शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में अभ्यास

Ind vs SA ODI Raipur: टीम इंडिया रायपुर पहुंची, चार्टर्ड प्लेन से एक साथ आए खिलाड़ी; कल होगा शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में अभ्यास

Raipur News: भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच होने वाले रोमांचक वनडे मुकाबले से पहले टीम इंडिया रायपुर पहुंच गई है। आगामी 3 दिसंबर को शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होने वाले मैच के लिए भारतीय और दक्षिण अफ्रीकी टीमों ने आज रायपुर में दस्तक दी।

दोनों टीमें शाम 4:30 बजे रांची से एक ही चार्टर्ड फ्लाइट के जरिए रायपुर एयरपोर्ट उतरीं। खिलाड़ियों के पहुंचते ही फैंस में उत्साह देखने को मिला और क्रिकेटर्स ने हाथ हिलाकर समर्थकों का अभिवादन भी किया। भारत ने रांची वनडे जीतकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है, ऐसे में रायपुर का मुकाबला निर्णायक माना जा रहा है।

कल नेट्स पर उतरेंगे रोहित-कोहली समेत सभी स्टार खिलाड़ी

भारतीय टीम के सभी बड़े नाम—रोहित शर्मा, विराट कोहली, केएल राहुल और बाकी खिलाड़ी कल स्टेडियम में अभ्यास करेंगे। मैच की तैयारी के लिए टीम मैनेजमेंट ने प्रैक्टिस सेशन को और मजबूत बनाने के लिए स्थानीय खिलाड़ियों को भी शामिल किया है।

दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग लिस्ट

भारत (संभावित टीम)

केएल राहुल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, रोहित शर्मा, विराट कोहली, रितुराज गायकवाड़, वॉशिंगटन सुंदर, रवींद्र जडेजा, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, ध्रुव जुरेल, नितीश कुमार रेड्डी, ऋषभ पंत, तिलक वर्मा (बेंच)।

दक्षिण अफ्रीका (संभावित टीम)

ऐडन मार्करम (कप्तान), रायन रिकेल्टन, क्विंटन डी कॉक, मैथ्यू ब्रीट्जकी, टोनी डी जॉर्जी, ब्रेविस, मार्को यानसन, कॉर्बिन बॉश, प्रनेलन सुब्रायन, नांद्रे बर्गर, ओटनिल बार्टमैन, टेंबा भवुमा, हेरमन, केशव महाराज, लुंगी (बेंच)।

प्रैक्टिस के लिए 30 स्थानीय खिलाड़ियों का चयन

प्रशिक्षण सत्र को बेहतर बनाने के लिए 30 स्थानीय खिलाड़ियों को शॉर्टलिस्ट किया गया है। इन खिलाड़ियों को रोहित, विराट और अन्य स्टार बल्लेबाजों के सामने गेंदबाजी का मौका मिलेगा। टीम की आवश्यकता के अनुसार नेट्स पर खिलाड़ियों की एंट्री दी जाएगी।

स्टेडियम में फ्री मिलेगा पानी, तय हुए खाने-पीने के दाम

दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्टेडियम में 22 बड़े वॉटर फिल्टर लगाए गए हैं, जिससे लोगों को पानी खरीदने की जरूरत नहीं पड़ेगी। साथ ही, सभी वेंडर्स को रेट-लिस्ट प्रदर्शित करना अनिवार्य किया गया है ताकि किसी भी तरह की ओवरचार्जिंग न हो। स्टेडियम परिसर में जगह-जगह रेट-चार्ट भी लगाए जाएंगे।