कुसमुंडा। सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुसमुंडा में 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस उत्साह एवं उमंग के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें समिति सदस्य, मातृशक्ति, अभिभावक, आचार्य परिवार एवं भैया-बहनों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के वरिष्ठ आचार्य एवं संभाग योग प्रमुख श्री दीपचंद जंघेला तथा कोरबा जिला योग प्रमुख श्री सुरेश सोनी के कुशल नेतृत्व में किया गया। योगाभ्यास की शुरुआत शरीर के विभिन्न अंगों के सूक्ष्म व्यायाम से हुई, जिसके बाद विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम कराए गए।
खड़े होकर किए जाने वाले आसनों में ताड़ासन, वृक्षासन, चक्रासन, त्रिकोणासन एवं पादहस्तासन का अभ्यास कराया गया। साथ ही 13 मंत्रों के उच्चारण के साथ सूर्य नमस्कार भी कराया गया।
बैठकर किए जाने वाले आसनों में पद्मासन, वज्रासन, शशांकासन, उष्ट्रासन एवं मंडूकासन का अभ्यास कराया गया। वहीं लेटकर किए जाने वाले आसनों में सर्वांगासन, पवनमुक्तासन, भुजंगासन एवं शवासन का अभ्यास कराया गया।
प्राणशक्ति को सक्रिय एवं संतुलित करने के लिए अनुलोम-विलोम, कपालभाति, भस्त्रिका एवं भ्रामरी प्राणायाम का भी अभ्यास कराया गया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ कार्यकर्ता श्री हर्षवर्धन शर्मा (शिवाजी उपनगर कार्यवाह) ने अपने उद्बोधन में कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि व्यक्ति, समाज और प्रकृति के बीच सामंजस्य स्थापित करने वाला संपूर्ण जीवन दर्शन है। योग स्वस्थ शरीर, शांत मन और सकारात्मक जीवनशैली का आधार है।
कार्यक्रम के अंत में संस्था के प्राचार्य श्री चिंतामणि कौशिक ने सभी उपस्थित जनों का आभार व्यक्त करते हुए नियमित योग को जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया।
योग दिवस कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ और उपस्थित सभी लोगों ने स्वस्थ एवं निरोग जीवन के लिए नियमित योग करने का संकल्प लिया।
TMN News | कुसमुंडा











