रायपुर:छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में 23 जनवरी को होने वाले भारत बनाम न्यूज़ीलैंड टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच को लेकर टिकटों की कीमत और बिक्री प्रक्रिया सामने आ गई है। छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ (CSCS) ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी आधिकारिक जानकारी दी। प्रेसवार्ता में CSCS के डायरेक्टर विजय शाह और बलदेव सिंह भाटिया मौजूद रहे।
छात्रों के लिए खास ऑफर, 800 रुपये में टिकट
क्रिकेट प्रेमी छात्रों के लिए बड़ी राहत की खबर है। CSCS ने स्टूडेंट टिकट मात्र 800 रुपये में उपलब्ध कराने का फैसला किया है। ये टिकट इंडोर स्टेडियम से ही मिलेंगे और एक छात्र को सिर्फ एक टिकट दिया जाएगा।
भारत–न्यूजीलैंड टी20 मैच की टिकट दरें
छात्रों के अलावा सामान्य और प्रीमियम दर्शकों के लिए अलग-अलग श्रेणियों में टिकट दरें तय की गई हैं।
टिकट श्रेणी
कीमत (₹)
विवरण
स्टूडेंट टिकट
800
1 छात्र को 1 टिकट
अपर सिटिंग
2000
सामान्य दर्शक
लोअर सिटिंग
2500
सामान्य दर्शक
लोअर सिटिंग (बेहतर व्यू)
3000
बेहतर दृश्य
सिल्वर टिकट
7500
प्रीमियम श्रेणी
गोल्ड टिकट
10000
प्रीमियम श्रेणी
प्लैटिनम टिकट
12500
हाई प्रीमियम
कॉर्पोरेट बॉक्स
25000
कॉर्पोरेट दर्शक
CSCS के अनुसार भारत–न्यूजीलैंड टी20 मुकाबले की टिकट बुकिंग आज रात से शुरू हो जाएगी। टिकट बिक्री ऑनलाइन और निर्धारित ऑफलाइन केंद्रों के माध्यम से की जाएगी।
23 जनवरी को रायपुर में हाई-वोल्टेज मुकाबला
भारत के प्रमुख क्रिकेट स्टेडियमों में शामिल शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मुकाबले की मेज़बानी के लिए तैयार है। इससे पहले 3 दिसंबर को यहां भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका का वनडे मुकाबला खेला गया था।
भारत-न्यूजीलैंड की यह टी20 सीरीज़ पांच मैचों की होगी, जिनके मुकाबले रायपुर के अलावा नागपुर, गुवाहाटी, विशाखापट्टनम और तिरुवनंतपुरम में खेले जाएंगे।
आईपीएल में भी रायपुर को मिली बड़ी सौगात
रायपुर के क्रिकेट प्रेमियों के लिए खुशखबरी यहीं खत्म नहीं होती। आईपीएल 2026 के दौरान रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के दो मुकाबले रायपुर में आयोजित किए जाएंगे।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि RCB के सीईओ से चर्चा के बाद रायपुर को मैचों की मेज़बानी मिली है। एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम से जुड़े हालातों के चलते इस सीज़न में RCB के मैच रायपुर में कराए जाएंगे।
रायपुर में भारत–न्यूजीलैंड टी20 मैच के टिकट 800 रुपये से शुरू, आज रात से होगी बुकिंग











