August 12, 2026

डीजल माफिया का आतंक: बोलेरो से CISF को कुचलने की कोशिश, फिल्मी स्टाइल पीछा

image_search_1768464853209

डीजल चोरों ने सरकारी गाड़ियों पर किया जानलेवा हमला, 105 लीटर डीजल जब्त
कोरबा। दीपका क्षेत्र में बीती रात उस समय हड़कंप मच गया जब डीजल चोरी में संलिप्त बदमाशों ने CISF जवानों को कुचलने की कोशिश करते हुए उनकी गाड़ियों पर जानलेवा हमला कर दिया। इस घटना में CISF की दो सरकारी गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार CISF के सहायक कमांडेंट पुष्पेन्द्र सक्सेना 11-12 जनवरी 2026 की मध्य रात्रि दीपका एरिया में नाइट चेकिंग पर थे। रात लगभग 1 बजे एसीबी क्रासिंग पर तैनात प्रधान आरक्षक गणेश्वर प्रसाद ने एक संदिग्ध सफेद बोलेरो (CG 12 BM 5447) को रेलवे साइडिंग की ओर जाते देखा और इसकी सूचना ASI शेष नारायण पटेल को दी।
सूचना मिलते ही सहायक कमांडेंट पुष्पेन्द्र सक्सेना, ASI शेष नारायण पटेल, आरक्षक विवेकानंद माझी और प्रधान आरक्षक प्रमोद कुमार टीम के साथ इलाके की सर्चिंग में निकल पड़े। पहले से ही क्षेत्र में 5 CISF जवान एम्बुश ड्यूटी पर तैनात थे।
जांच के दौरान 35 नंबर वे ब्रिज और एसीबी क्रासिंग के बीच झाड़ियों में हलचल दिखी। जैसे ही जवान उस ओर बढ़े, झाड़ियों से तेज रफ्तार सफेद बोलेरो निकलकर सीधे CISF जवानों को कुचलने के इरादे से उनकी ओर दौड़ पड़ी। जवान किसी तरह जान बचाकर हटे और गाड़ी को रोकने की कोशिश की।
सहायक कमांडेंट की स्कॉर्पियो (CG 11 BR 1900) और क्यूआरटी बोलेरो (CG 11 BR 4728) से पीछा किया गया। बैरियर नंबर GN-08 के पास बदमाशों की बोलेरो को घेर लिया गया, तभी गाड़ी से 4 आरोपी उतरे और लोहे की रॉड से स्कॉर्पियो के शीशे तोड़ दिए तथा ड्राइवर और प्रधान आरक्षक प्रमोद कुमार पर हमला करने की कोशिश की।
इसके बाद आरोपियों ने स्कॉर्पियो और क्यूआरटी गाड़ी को टक्कर मारते हुए दीपका मार्केट की ओर भागकर फरार हो गए।
हमले के दौरान दो बदमाश एक-दूसरे को नाजिर और सालिक कहकर पुकार रहे थे, जिन्हें CISF जवानों ने कुख्यात डीजल चोर के रूप में पहचाना।
घटना के बाद रेलवे साइडिंग एरिया की तलाशी में झाड़ियों से एसईसीएल दीपका खदान से चोरी किया गया 35-35 लीटर के 3 केन, कुल 105 लीटर डीजल बरामद किया गया।
इस मामले में दीपका थाना में CISF निरीक्षक के.के. मधुकर की रिपोर्ट पर धारा 3(5), 303(2), 324(2) BNS के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया है और पुलिस द्वारा आरोपियों की तलाश की जा रही है।

You may have missed