डीएवी स्कूल कुसमुंडा में प्रवेश सूची न लगाने पर बवाल, पुतला दहन के बाद आंदोलन की चेतावनी

कोरबा। कुसमुंडा क्षेत्र के भाजपा युवा नेता व पार्षद प्रत्याशी राजेश पटेल ने डीएवी विद्यालय कुसमुंडा की प्रवेश प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताओं और संभावित भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि शैक्षणिक सत्र 2025 में नर्सरी से लेकर 12वीं कक्षा तक के नव प्रवेशी विद्यार्थियों की सूची सीबीएसई नियमों के अनुसार सार्वजनिक की जानी चाहिए, लेकिन विद्यालय प्रबंधन ने इसे साझा करने से इंकार कर दिया।राजेश पटेल ने सवाल उठाया कि जब केंद्रीय विद्यालय कुसमुंडा और आत्मानंद विद्यालय अपने प्रवेश की सूची सूचना पटल पर सार्वजनिक करते हैं, तो डीएवी विद्यालय ऐसा क्यों नहीं कर रहा? उनका आरोप है कि गोपनीय तरीके से प्रवेश प्रक्रिया संचालित होने से भ्रष्टाचार की पूरी संभावना बनती है।इस मामले को लेकर पहले भी राजेश पटेल ने विद्यालय प्रबंधन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया था और हाल ही में विद्यालय परिसर के सामने प्राचार्य का पुतला दहन किया गया। अब कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल ने भी इस मामले को गंभीरता से लेते हुए विद्यालय प्रबंधन से कक्षावार प्रवेश की पूरी जानकारी मांगी है। विधायक ने चेतावनी दी है कि यदि जानकारी नहीं दी गई तो आंदोलन की जिम्मेदारी स्कूल प्रबंधन की होगी।अब देखने वाली बात यह होगी कि डीएवी विद्यालय कुसमुंडा प्रवेश सूची सार्वजनिक करता है या फिर एक नया आंदोलन खड़ा होता है।