“वर्दी का सम्मान, देश का अभिमान: बिलासपुर में पूर्व सैनिकों का भव्य समारोह”

“वर्दी का सम्मान, देश का अभिमान: बिलासपुर में पूर्व सैनिकों का भव्य समारोह”

बिलासपुर।
राष्ट्रसेवा, अनुशासन और त्याग की गौरवशाली परंपरा को आत्मसात किए हुए आन पूर्व सैनिक संगठन के तत्वावधान में संगठन के स्थापना दिवस, वेटरन्स दिवस एवं आर्मी दिवस के पावन अवसर पर पूर्व सैनिक सम्मान एवं परिवार मिलन समारोह का भव्य, गरिमामय एवं प्रेरणादायी आयोजन बिलासपुर में सम्पन्न हुआ।
प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुरूप इस वर्ष भी छत्तीसगढ़ के कोने–कोने से बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक अपने परिवारजनों सहित इस आयोजन में शामिल हुए। उनकी उपस्थिति ने समारोह को सैनिक एकता, अनुशासन, राष्ट्रप्रेम और पारिवारिक आत्मीयता का जीवंत प्रतीक बना दिया।


इस आयोजन का उद्देश्य केवल उत्सव मनाना नहीं, बल्कि संगठन की मजबूती, सामाजिक दायित्व और राष्ट्रनिर्माण की भावना को और अधिक सशक्त करना रहा। इस दौरान वर्षभर किए गए सामाजिक एवं संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा की गई तथा आगामी वर्ष की कार्ययोजना पर विचार-विमर्श हुआ। संगठन ने यह संकल्प दोहराया कि सेवानिवृत्ति के बाद भी पूर्व सैनिक समाज और राष्ट्र के लिए सक्रिय भूमिका निभाते रहेंगे।
कार्यक्रम को बहुआयामी स्वरूप देते हुए इनडोर खेल प्रतियोगिताएं, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, प्रेरक उद्बोधन, क्विज प्रतियोगिता एवं पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किए गए। पूरे कार्यक्रम में अनुशासन, उत्साह और सौहार्द का वातावरण बना रहा।


इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में मुंगेली से पधारे वरिष्ठ पूर्व सैनिक श्री संतोष साहू उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि उन्हें भारतीय जनता पार्टी पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ, छत्तीसगढ़ का प्रदेश संयोजक नियुक्त किया गया है। अपने ओजस्वी संबोधन में उन्होंने कहा—
“जब सैनिक सेवा और सामाजिक-राजनीतिक सेवा का अनुभव राष्ट्रहित में लगता है, तब एक सशक्त और व्यावहारिक व्यवस्था का निर्माण होता है।”
इस अवसर पर संगठन द्वारा श्री साहू का शाल, श्रीफल एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मान किया गया।
संगठन के अध्यक्ष श्री दत्तात्रेय यादव ने कहा—
“सेना में हमने सीमाओं की रक्षा की, और अब समाज की आंतरिक मजबूती, अनुशासन और सद्भाव को मजबूत करना हमारा दायित्व है। पूर्व सैनिक केवल अतीत की गाथा नहीं, बल्कि वर्तमान और भविष्य की दिशा तय करने वाली शक्ति हैं।”
डिप्टी कलेक्टर (पूर्व सैनिक) श्री मनोज खांडे ने भावुक संबोधन में कहा—
“कम उम्र में सेना में जाने के कारण जीवन की कई खुशियों से वंचित रह गए, लेकिन सेवानिवृत्ति के बाद जीवन में उल्लास और आपसी मेल-जोल बनाए रखना भी जरूरी है। यही इस परिवार मिलन समारोह का उद्देश्य है।”
इस आयोजन में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से आए बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों एवं उनके परिवारों की सहभागिता ने यह सिद्ध कर दिया कि आन पूर्व सैनिक संगठन केवल एक संस्था नहीं, बल्कि एक सशक्त सामाजिक परिवार है।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से सैनिक संयोजक मुकेश साहू, सचिव राजकुमार कोशले, कोषाध्यक्ष मोहन जांगड़े, मीडिया प्रभारी दीनबंधु साहू, कैप्टन राजेश श्रीवास, कैप्टन दिलीप पटेल, कैप्टन सतपाल चार्लीस, कैप्टन धनंजय सिंह, कैप्टन सूरज कुमार वानी, सूबेदार मेजर दिलीप पटेल, सूबेदार श्रवण साहू, सूबेदार भरत सिंह ठाकुर सहित अनेक पूर्व सैनिक व उनके परिजन उपस्थित रहे।