कोरबा जिले के चर्चित पर्यटन स्थल सतरेंगा में महिला सरपंच पर हुए प्राणघातक हमले से इलाके में सनसनी फैल गई है। ग्राम पंचायत सतरेंगा की सरपंच बंधन बाई कंवर पर एक ग्रामीण ने घर में घुसकर लोहे की रॉड से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में सरपंच गंभीर रूप से घायल हो गई हैं और उन्हें इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना 1 जनवरी की शाम करीब 4:30 बजे की बताई जा रही है। उस वक्त सरपंच अपने घर में अकेली थीं। तभी पंडो पारा निवासी झुलसिंह पंडो उनके घर पहुंचा और सरपंच पद से इस्तीफा देने का दबाव बनाने लगा। जब सरपंच ने साफ इनकार कर दिया, तो आरोपी आपे से बाहर हो गया और रॉड से सिर, छाती, पीठ समेत शरीर के कई हिस्सों पर हमला कर दिया।
सरपंच की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके की ओर बढ़े, लेकिन इससे पहले ही आरोपी वहां से फरार होकर पूर्व सरपंच धनसिंह कंवर के घर में जा छिपा। हमले के बाद महिला सरपंच की हालत बिगड़ गई, जिसके बाद परिजन उन्हें तत्काल कोसाबाड़ी स्थित निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज जारी है।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि इस हमले की वजह चुनावी रंजिश और शराबबंदी अभियान है। आरोपी चुनाव में मिली हार के बाद से सरपंच से रंजिश रखता था। वहीं हाल ही में महिला समूह के साथ मिलकर सरपंच द्वारा चलाए गए शराबबंदी अभियान से भी वह नाराज बताया जा रहा है।
फिलहाल सिविल लाइन पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 109 और 332(बी) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।










