सरस्वती शिशु मंदिर खम्हारिया में ‘सप्तशक्ति संगम’ कार्यक्रम का सफल आयोजन

सरस्वती शिशु मंदिर खम्हारिया में ‘सप्तशक्ति संगम’ कार्यक्रम का सफल आयोजन

सरस्वती शिक्षा संस्थान, रायपुर (छत्तीसगढ़) की योजना के अंतर्गत प्रदेश भर के शिशु मंदिरों में आयोजित किए जा रहे सप्तशक्ति संगम कार्यक्रम की कड़ी में ग्राम भारती सरस्वती शिशु मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय, खम्हारिया में बुधवार, 31 दिसंबर 2025 को भव्य आयोजन संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमती हेमलता शर्मा (लिनेश कुसमुंडा निहारिका इकाई अध्यक्ष, माई-जी फाउंडेशन की सचिव एवं शिशु मंदिर कुसमुंडा-गेवरा बस्ती की वरिष्ठ आचार्या) तथा विशिष्ट अतिथि समाज सेविका श्रीमती प्रीति सिंह उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की वरिष्ठ आचार्या श्रीमती प्रभा चौधरी ने की।

मुख्य अतिथि श्रीमती हेमलता शर्मा ने अपने उद्बोधन में नारी के सात गुण—श्री, कीर्ति, मेधा, धृति, वाक्, स्मृति एवं क्षमा—पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए नारी शक्ति के महत्व को रेखांकित किया। साथ ही उन्होंने कुटुंब प्रबोधन एवं पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी मार्गदर्शन दिया। वहीं श्रीमती प्रीति सिंह ने भारत के विकास में महिलाओं की सक्रिय और निर्णायक भूमिका पर अपने विचार साझा किए।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती माया गोपाल द्वारा विशिष्ट मातृ सम्मान के अंतर्गत श्रीमती पोरा बाई यादव (पूर्व प्रधानाचार्य स्व. श्री विजय कुमार यादव की माताजी) को सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर विद्यालय की छात्राओं द्वारा प्रेरणादायी महिला विभूतियों की सुंदर झांकी प्रस्तुत की गई, जिसमें सौम्या यादव ने भारत माता, आंचल ने छत्तीसगढ़ महतारी, श्रद्धा यादव ने जीजाबाई तथा आंशिका ने रानी लक्ष्मीबाई का सशक्त अभिनय किया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय की समस्त आचार्याओं—श्रीमती भगवती पटेल, राय कुमारी यादव, संगीता शर्मा, रेणुका यादव, उषा सोनवानी, सुश्री रेशमा पटेल एवं महेश्वरी यादव—का सराहनीय सहयोग रहा।

यह आयोजन नारी शक्ति, संस्कार, सामाजिक चेतना एवं सांस्कृतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल साबित हुआ।