छत्तीसगढ़: पुलिस आरक्षक भर्ती विवाद पर गृह मंत्री विजय शर्मा की पहल, अभ्यर्थियों से की सीधी बातचीत ,क्या कुछ कहा पढ़े..

छत्तीसगढ़: पुलिस आरक्षक भर्ती विवाद पर गृह मंत्री विजय शर्मा की पहल, अभ्यर्थियों से की सीधी बातचीत ,क्या कुछ कहा पढ़े..

रायपुर। छत्तीसगढ़ में पुलिस आरक्षक भर्ती को लेकर उठ रही शिकायतों के समाधान के लिए गृह मंत्री विजय शर्मा ने बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा में शामिल अभ्यर्थियों से अपने सरकारी निवास पर वन-टू-वन चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं और आशंकाओं को दूर करने का प्रयास किया।

जानकारी के अनुसार, जब कुछ अभ्यर्थियों को बंगले के भीतर प्रवेश नहीं मिला, तो गृह मंत्री स्वयं बाहर आए और उनसे बातचीत की, इसके बाद सभी को अंदर बुलाकर विस्तार से चर्चा की गई। यह पहल अभ्यर्थियों के बीच विश्वास बहाली के रूप में देखी जा रही है।

गौरतलब है कि पुलिस विभाग में कुल 5,967 पदों के लिए सितंबर माह में भर्ती परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा के बाद से ही अभ्यर्थियों और विपक्षी दलों द्वारा प्रक्रिया में अनियमितताओं के आरोप लगाए जा रहे थे। इन्हीं शिकायतों को ध्यान में रखते हुए गृह मंत्री ने अभ्यर्थियों को चर्चा के लिए आमंत्रित किया था। इससे पहले 19 और 20 दिसंबर को एडीजी स्तर पर भी शिकायतों को लेकर बातचीत हो चुकी है।

मीडिया से बातचीत में डिप्टी सीएम एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने स्पष्ट किया कि यदि भर्ती प्रक्रिया में प्रावधानों के विपरीत कोई गलती सामने आती है, तो उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि कोई त्रुटि पाई जाती है तो सुधार किया जाएगा और भविष्य में नई भर्तियां भी निकाली जाएंगी।

वहीं, केरल में छत्तीसगढ़ के एक युवक को बांग्लादेशी समझकर पीट-पीट कर हत्या किए जाने के मामले पर भी गृह मंत्री ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इसे बेहद दुखद घटना बताते हुए कहा कि इस घटना से समाज में आक्रोश है और छत्तीसगढ़ सरकार पीड़ित परिवार को हर स्तर पर सहायता पहुंचाने का प्रयास कर रही है।

यह पूरा घटनाक्रम पुलिस आरक्षक भर्ती को लेकर पारदर्शिता और न्याय सुनिश्चित करने की दिशा में सरकार की गंभीरता को दर्शाता है।