September 22, 2026

कोरबा ब्रेकिंग न्यूज : बालको रेंज में हाथी का कहर, घर में घुसकर ग्रामीण की दर्दनाक मौत

Screenshot_20251219_095529_Chrome

कोरबा, 19 दिसंबर। कोरबा वनमंडल के बालको वन परिक्षेत्र में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। देर रात हाथी के हमले में एक ग्रामीण की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान महेंदा सिंह मंझवार (उम्र 45 वर्ष) के रूप में हुई है, जो ग्राम गौर बोरा, ग्राम पंचायत अजगर बहार का निवासी था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, महेंदा सिंह रात के समय अपने घर में सो रहा था। इसी दौरान जंगल से भटककर आए एक जंगली हाथी ने अचानक घर में घुसकर जमकर उत्पात मचाया। हाथी ने सो रहे महेंदा सिंह को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और भय का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने वन विभाग को अवगत कराया। सूचना पर वन विभाग का अमला मौके पर पहुंचा और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। क्षेत्र में हाथियों की गतिविधियों को देखते हुए निगरानी बढ़ा दी गई है तथा ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील की जा रही है।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले कटघोरा वनमंडल क्षेत्र में भी बीते दो दिनों के भीतर हाथी के हमले में दो महिलाओं की मौत हो चुकी है। लगातार हो रही इन घटनाओं से जिले में मानव-हाथी संघर्ष गंभीर रूप ले चुका है। ग्रामीणों में भय व्याप्त है, वहीं वन विभाग के सामने हाथियों की आवाजाही रोकना एक बड़ी चुनौती बना हुआ है।

You may have missed