सीपत (बिलासपुर)। सीपत के NTPC क्षेत्र में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब बहेरापुल नहर में एक अज्ञात युवक का शव औंधे मुंह पड़ा मिला। घटना ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सूचना मिलते ही नहर किनारे भारी संख्या में ग्रामीण जुट गए और तुरंत सीपत पुलिस को मामले की जानकारी दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शव NTPC मटेरियल गेट के पास खारंग जलाशय से निकली नहर में बहेरापुल के नीचे मिला। युवक की उम्र लगभग 35 वर्ष बताई जा रही है, जो जींस और शर्ट पहने हुए था। ग्रामीणों का अनुमान है कि शव को 1–2 दिन पुराना हो सकता है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकलवाया और पंचनामा व पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है। बिलासपुर से फॉरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि मामला हादसा है या किसी साज़िश का परिणाम—इसका फैसला पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही होगा।
NTPC मटेरियल गेट: दुर्घटनाओं और अव्यवस्था का केंद्र
स्थानीय लोगों का कहना है कि NTPC क्षेत्र में दूसरे राज्यों से बड़ी संख्या में कामगार आते हैं, जिससे यह इलाका हमेशा भीड़भाड़ और विवादों का केंद्र बना रहता है।
नहर के आसपास की स्थिति बेहद बदहाल है—
स्ट्रीट लाइटें नहीं
कचरा उठाने की व्यवस्था ठप
धूल और धुएं से भरा वातावरण
सुरक्षा के लिए CCTV की कमी
NTPC सीपत में हर साल हजारों करोड़ का बजट पास होने के बावजूद न तो सफाई दिखती है और न ही मूलभूत सुविधाओं में कोई सुधार।
स्थानीयों का सवाल: जब सुविधाएं नहीं, तो टैक्स किस बात का?
ग्रामीणों का कहना है कि जब सड़कों-पुलों पर रोशनी नहीं, नाले-कचरा प्रबंधन अस्त-व्यस्त और सुरक्षा इंतजाम शून्य हों, तो आखिर जनता से टैक्स किस सुविधा के बदले वसूला जाता है? सीपत गांव की बदहाली देखकर लोग प्रशासन की कार्यशैली पर खुलेआम सवाल उठा रहे हैं।
पुलिस कर रही गहन जांच
फिलहाल पुलिस ने आसपास के सभी क्षेत्रों में पूछताछ शुरू कर दी है ताकि मृतक की पहचान और घटना की वास्तविक वजह जल्द सामने लाई जा सके।











