. ‘सुरक्षा या सजा?’ – कुसमुंडा खदान में SECL के नए नियमों से बढ़ा कर्मचारियों का दर्द ,यूनियनों ने दी हड़ताल की चेतावनी

. ‘सुरक्षा या सजा?’ – कुसमुंडा खदान में SECL के नए नियमों से बढ़ा कर्मचारियों का दर्द ,यूनियनों ने दी हड़ताल की चेतावनी

अभिषेक आदिले की रिपोर्ट

कोरबा। कुसमुंडा खदान में सुरक्षा के मद्देनज़र प्रबंधन द्वारा मोटरसाइकिल और निजी चारपहिया वाहनों की एंट्री पर रोक लगा दी गई है। इसके चलते रोजाना सैकड़ों कर्मचारियों और ठेका मजदूरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

प्रबंधन ने खदान परिसर तक पहुँचने के लिए 3 नंबर MTK के पास से SECL की बस सेवा शुरू की है, लेकिन कर्मचारियों का कहना है कि बस की सुविधा पर्याप्त नहीं है। यदि कोई कर्मचारी थोड़ा लेट होता है तो उसे बस नहीं मिल पाती और मजबूरन 2 से 3 किलोमीटर पैदल सफर करना पड़ता है।

🚶‍♂️ ठेका मजदूरों को भी झेलनी पड़ रही है कठिनाइयाँ

ठेका कर्मचारियों ने बताया कि उन्हें खदान के विभिन्न हिस्सों में जाना पड़ता है, और पूर्व में जो वाहन सुविधा दी जाती थी, वह अब उपलब्ध नहीं है। इससे उन्हें काम तक पहुँचने में अधिक समय लगता है और काम की गति भी प्रभावित होती है। हाल ही में गाड़ी स्टैंड से पेट्रोल चोरी का एक वीडियो सामने आने के बाद सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी गई है।

⚙️ प्रबंधन का पक्ष

SECL कुसमुंडा प्रबंधन का कहना है कि यह निर्णय कर्मचारियों की सुरक्षा को ध्यान में रखकर लिया गया है। प्रबंधन ने बताया कि कर्मचारियों के लिए बस सुविधा उपलब्ध कराई गई है, लेकिन बसें कार्यस्थल से कुछ दूरी पर ही छोड़ती हैं।

✊ ट्रेड यूनियन का विरोध और हड़ताल की चेतावनी

ट्रेड यूनियन प्रतिनिधियों का आरोप है कि प्रबंधन ने पहले जो वादे किए थे, उन्हें पूरा नहीं किया गया। यूनियन ने बताया कि 4 नवंबर तक उन्हें इस विषय पर जवाब का आश्वासन मिला है, अन्यथा पांचों यूनियन मिलकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाएंगी।

🧾 यूनियन की प्रमुख माँगें

  1. कुसमुंडा कोल इंडिया चौक में अंडरब्रिज का निर्माण शीघ्र पूरा किया जाए।
  2. जब तक नई व्यवस्था नहीं बनती, तब तक पुरानी बस व्यवस्था को बहाल किया जाए।
  3. ठेका कर्मचारियों की उपस्थिति बायोमेट्रिक सिस्टम से कराई जाए, उसके बाद नियमित कर्मचारियों की भी उपस्थिति इसी प्रणाली से ली जाए।
  4. रविवार कार्य दिवस संबंधी जारी आदेश (पत्र क्रमांक 2198 दिनांक 14/09/2025) को तत्काल निरस्त किया जाए।
  5. केनाल से WTP तक पाइप लाइन का कार्य शीघ्र पूरा किया जाए।

🏗️ प्रबंधन का जवाब

अंडरब्रिज का कार्य पूरा कर लिया गया है और 1 नवंबर से शुरू किया जाएगा।

04 नवंबर 2025 तक बस व्यवस्था संबंधी निर्णय लिया जाएगा।

ठेका श्रमिकों की उपस्थिति बायोमेट्रिक माध्यम से दर्ज कराने के निर्देश जारी किए जा चुके हैं।

रविवार कार्य दिवस पर संबंधित विभाग प्रमुखों को मौखिक निर्देश देने की प्रक्रिया जारी है।

पाइपलाइन कार्य एक माह में पूर्ण करने का आश्वासन दिया गया है।

प्रबंधन के अनुसार, कर्मचारियों की सुरक्षा और सुविधा दोनों का संतुलन बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं यूनियन का कहना है कि कर्मचारियों की मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।