July 30, 2026

Korba News: गेवरा खदान में भू-विस्थापितों पर CISF का लाठीचार्ज, कई लोग घायल — रोजगार व मुआवजे की मांग पर बढ़ा विवाद

Screenshot_20251023_200511_InShot

कोरबा: छत्तीसगढ़ के कोयलांचल क्षेत्र में गुरुवार को साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) की गेवरा खदान में भू-विस्थापितों के आंदोलन के दौरान CISF जवानों द्वारा लाठीचार्ज किए जाने की घटना सामने आई है।
यह विरोध प्रदर्शन अखिल भारतीय किसान सभा के बैनर तले रोजगार, पुनर्वास और उचित मुआवजे की मांग को लेकर किया जा रहा था।

मिली जानकारी के अनुसार, लाठीचार्ज में छत्तीसगढ़ किसान सभा के जिला सचिव दीपक साहू, रमेश दास, बिमल दास और गुलाब दास समेत कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल प्रदर्शनकारियों को उपचार के लिए अस्पताल और कुछ को पुलिस हिरासत में दीपका थाना ले जाया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, प्रदर्शन शुरू में शांतिपूर्ण ढंग से चल रहा था। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस और CISF बल तैनात थे। इसी दौरान कथित रूप से एक अधिकारी द्वारा प्रदर्शनकारियों से अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज किए जाने के बाद स्थिति बिगड़ गई और बल ने अचानक लाठीचार्ज शुरू कर दिया।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे लोगों में आक्रोश देखने को मिल रहा है।
स्थानीय ग्रामीणों ने मांग की है कि इस घटना की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए।

https://www.instagram.com/reel/DQJ9tjAE29h/?igsh=MWh0bmVjbDF1ejNkYQ==

You may have missed