कोरबा। जिले के श्यांग थाना क्षेत्र के सोलवा गांव में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। करीब एक महीने से लापता ग्रामीण सुखसागर (38 वर्ष) का कंकाल गांव से सटे जंगल में पेड़ के नीचे मिला है। परिजनों ने कपड़ों के आधार पर शव की पहचान की।
जानकारी के अनुसार, सुखसागर 18 सितंबर से लापता था। उसके भाई लक्ष्मी नारायण चौहान ने बताया कि 15 सितंबर को बेटे की सड़क दुर्घटना में दोनों पैर फ्रैक्चर हो गए थे। इलाज के लिए उसे जिला मेडिकल कॉलेज कोरबा में भर्ती कराया गया था। इसी दौरान 18 सितंबर को सुखसागर बेटे से मिलने अस्पताल पहुंचे, लेकिन घर लौटते समय वह गायब हो गए।
परिजनों ने कई दिनों तक तलाश की और श्यांग थाना पुलिस को सूचना दी। रविवार को गांव के पास जंगल में एक पेड़ के नीचे नर कंकाल मिलने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की। पेड़ पर एक गमछा बंधा हुआ मिला, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि सुखसागर ने फांसी लगाकर आत्महत्या की होगी।
थाना प्रभारी विनोद सिंह ने बताया कि फोरेंसिक टीम को जांच के लिए बुलाया गया है और सभी साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं।
परिजनों ने बताया कि मृतक खेती-किसानी करता था और चार बच्चों का पिता था। बेटे की दुर्घटना के बाद से वह मानसिक रूप से काफी परेशान था, लेकिन किसी से कुछ नहीं कहता था।
पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।











