रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (IIIT Naya Raipur) से बड़ा मामला सामने आया है। यहां AI तकनीक के जरिए 36 छात्राओं की तस्वीरों को अश्लील रूप में एडिट करने का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। इस पूरे मामले ने संस्थान समेत शिक्षा जगत में हड़कंप मचा दिया है।
सूत्रों के अनुसार, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन (ECE) विभाग के एक छात्र ने सहपाठी छात्राओं की निजी तस्वीरों को AI टूल्स से मॉर्फ कर फेक फोटो और वीडियो तैयार किए। आरोपी छात्र के मोबाइल, लैपटॉप और पेनड्राइव से करीब 1000 से अधिक अश्लील फोटो-वीडियो बरामद किए गए हैं।
जब छात्राओं को इसकी जानकारी मिली, तो उन्होंने तुरंत संस्थान प्रबंधन से शिकायत की। इसके बाद प्रबंधन ने आरोपी छात्र के कमरे की तलाशी ली और उसके सभी इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जब्त कर लिए। आरोपी को तुरंत कॉलेज से निलंबित कर परिसर छोड़ने का आदेश दिया गया है।
छात्राओं का आरोप: पहले की गई शिकायत पर नहीं हुई थी कार्रवाई
कई छात्राओं ने मीडिया से बातचीत में बताया कि उन्होंने कई दिन पहले ही प्रबंधन को मामले की जानकारी दी थी, लेकिन कॉलेज प्रशासन ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। छात्राओं का कहना है कि अब जाकर मामला सामने आने के बाद प्रशासन सक्रिय हुआ है।
छात्राओं ने आरोप लगाया है कि आरोपी छात्र बिलासपुर का रहने वाला है और वह ECE विभाग के तृतीय वर्ष का छात्र है। उन्होंने आशंका जताई है कि आरोपी ने इन फेक तस्वीरों और वीडियोज़ को सोशल मीडिया या अन्य प्लेटफॉर्म पर अपलोड भी किया हो सकता है।
जांच के लिए तीन महिला प्रोफेसरों की समिति गठित
IIIT प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तीन महिला प्रोफेसरों की आंतरिक जांच समिति (Internal Committee) गठित की है। समिति को तकनीकी और सामाजिक दोनों पहलुओं की जांच करने का निर्देश दिया गया है।
संस्थान के कुलपति ओ.पी. व्यास ने बताया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद जरूरत पड़ी तो पुलिस में FIR दर्ज करवाई जाएगी।
CM विष्णुदेव साय का बयान: दोषियों को नहीं मिलेगी राहत
मामले पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा,
“इस मामले की पूरी जांच करवाई जाएगी और जो भी दोषी होगा, उसे सजा से बख्शा नहीं जाएगा।”
वहीं, राखी थाना पुलिस ने भी मामले का संज्ञान लिया है। थाना प्रभारी ने संस्थान पहुंचकर कुलपति से बातचीत की और कहा कि जैसे ही किसी छात्रा या संस्था की ओर से लिखित शिकायत प्राप्त होगी, कानूनी कार्रवाई की जाएगी।











