रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजनीति में वन मंत्री केदार कश्यप पर लगे मारपीट के आरोपों को लेकर विवाद तेज हो गया है। आरोप है कि मंत्री ने सर्किट हाउस में एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी से दरवाजा नहीं खोलने की बात पर बदसलूकी और मारपीट की थी। कर्मचारी का कहना है कि मंत्री ने अपमानजनक भाषा का भी इस्तेमाल किया।
इसी मामले को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को रायपुर में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। विरोध के दौरान हालात इतने बिगड़े कि मंत्री के बंगले का घेराव करने पहुंचे कांग्रेसियों ने पथराव शुरू कर दिया। इस दौरान एक महिला पुलिसकर्मी पत्थर लगने से घायल हो गई।
इधर फरसागुड़ा में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंत्री कार्यालय में तोड़फोड़ की। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक मंत्री केदार कश्यप के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती, आंदोलन और तेज किया जाएगा।
यह पूरा मामला छत्तीसगढ़ की राजनीति में नया मोड़ ले चुका है और आने वाले दिनों में इसका असर और बढ़ने की संभावना है।











