इंदौर में इस बार दशहरे पर एक अनोखा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। पारंपरिक रूप से रावण दहन की जगह इस बार 11 मुखी शूर्पणखा का पुतला जलाया जाएगा। खास बात यह है कि इस पुतले पर उन 11 महिलाओं की तस्वीरें लगाई जाएंगी, जिन्होंने पति या बच्चों की हत्या जैसे जघन्य अपराध किए हैं।
इनमें चर्चित नाम सोनम रघुवंशी और मुस्कान भी शामिल हैं। कार्यक्रम का आयोजन पत्नी पीड़ित संस्था ‘पौरुष’ कर रही है, जिसका उद्देश्य समाज को महिला अपराधों के प्रति जागरूक करना और लोगों का ध्यान इस गंभीर विषय की ओर आकर्षित करना है।
संस्था के पदाधिकारियों का कहना है कि जिस प्रकार पुरुष अपराधियों की चर्चा और सजा होती है, उसी तरह महिला अपराधों पर भी समाज को सजग रहना चाहिए। इस अनोखे आयोजन के माध्यम से लोगों को यह संदेश दिया जाएगा कि अपराध का कोई लिंग नहीं होता, चाहे वह पुरुष करे या महिला, कानून और समाज दोनों की नजर में वह निंदनीय है।
इंदौर में होने वाला यह दशहरा आयोजन इस बार चर्चा का बड़ा विषय बनने जा रहा है। स्थानीय लोगों में भी इसे लेकर उत्सुकता है कि पहली बार रावण नहीं बल्कि महिला अपराधियों का प्रतीकात्मक पुतला जलाया जाएगा।














