कोरबा (छत्तीसगढ़): कुसमुंडा क्षेत्र के नगर पालिका पार्षद दिलीप दास एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। बीते दिनों कुछ पत्रकारों को धमकाने के आरोप के बाद अब एक एसईसीएल कर्मी की मां ने दिलीप दास पर उनके बेटे को जान से मारने और बहू को बरगलाकर सोने के गहने हड़पने का गंभीर आरोप लगाया है। शिकायत कुसमुंडा थाना में दर्ज कराई गई है।
शिकायत में क्या कहा गया?
शिकायतकर्ता सुनिता अग्रवाल (पति स्व. विजय अग्रवाल, निवासी आदर्श नगर, कुसमुंडा) ने आरोप लगाया कि उनके बेटे विनय अग्रवाल की शादी 9 साल पहले सुमन अग्रवाल से हुई थी। पिछले 4-6 महीनों से बहू और बेटे के रिश्तों में दूरी आ गई थी। इस बीच, बहू के बीजेपी नेता दिलीप दास से नजदीकियां बढ़ने लगीं।सुनिता अग्रवाल के अनुसार, 22 मई 2025 की रात करीब 1:30 बजे उन्होंने घर में दिलीप दास को मौजूद पाया। उन्हें देखकर दिलीप दास आंगन का दरवाजा बंद कर भाग गए। बहू ने धमकी दी कि अगर यह बात बेटे को बताई, तो वह आत्महत्या कर लेगी।
सोने के गहने गायब और धमकी के आरोप
कुछ समय बाद घर के लॉकर से सोना गायब हो गया। बेटे ने इस बारे में दिलीप दास से पूछा तो उन्होंने कथित रूप से धमकी दी — “तेरे को मरवा दूँगा।”सुनिता अग्रवाल का आरोप है कि बहू और दिलीप दास ने सोना बेचकर पैसा हड़प लिया और अब उन्हें, उनके बेटे और पोती को जान का खतरा है।
तलाक और 20 लाख की मांग
शिकायत में यह भी कहा गया है कि बहू एक माह से घर नहीं लौटी है और फोन पर कह रही है कि वह साथ नहीं रहना चाहती, तलाक चाहती है और 20 लाख रुपये दे, वरना पूरे परिवार को बर्बाद कर देगी।
सुरक्षा और कार्रवाई की मांग
पीड़िता ने पुलिस से तत्काल सुरक्षा प्रदान करने और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।













