कोरबा, छत्तीसगढ़। जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के कोसाबाड़ी स्थित फॉरेस्ट कॉलोनी में बीती रात चोरी की बड़ी वारदात हुई। चोरों ने वन विभाग के डिप्टी रेंजर भरत राम धीवर के सरकारी आवास को निशाना बनाकर करीब 30 हजार रुपए नगद और लगभग 1 लाख रुपए के सोने-चांदी के आभूषण चुरा लिए।
रक्षाबंधन पर गांव गए थे परिवार
जानकारी के मुताबिक, डिप्टी रेंजर भरत राम धीवर रक्षाबंधन के अवसर पर अपने परिवार के साथ जांजगीर जिले के कोसा गांव गए हुए थे। इस दौरान अज्ञात चोरों ने रात में उनके सरकारी आवास का ताला तोड़कर भीतर प्रवेश किया और अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण, नगदी रकम और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए।
दिन में लौटने पर खुला चोरी का राज
सोमवार दोपहर जब डिप्टी रेंजर अपने परिवार के साथ वापस कोरबा लौटे, तब उन्हें चोरी की घटना का पता चला। उन्होंने तुरंत सिविल लाइन थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई।
गेट का ताला तोड़कर अंदर घुसे चोर
डिप्टी रेंजर ने बताया कि चोर मुख्य गेट का ताला दीवार से बांधकर अंदर घुसे। इसके बाद उन्होंने बेडरूम और एक अन्य कमरे का ताला तोड़कर वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस जांच में जुटी
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश ठाकर ने बताया कि मामले में FIR दर्ज कर ली गई है और चोरों की तलाश के लिए पुलिस की टीम जांच कर रही है।













