September 20, 2026

सरस्वती शिशु मंदिर कुसमुंडा में उत्साहपूर्वक मनाया गया शाला प्रवेश उत्सव

IMG-20260616-WA0073

कुसमुंडा। सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कुसमुंडा में मंगलवार, 16 जून 2026 को नव शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ अवसर पर शाला प्रवेश उत्सव हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। विद्यालय परिसर को आकर्षक रंगोलियों से सजाया गया तथा उपस्थित भैया-बहनों का तिलक लगाकर एवं पुष्प भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रार्थना सभा के साथ हुआ। संस्था के प्राचार्य श्री चिंतामणि कौशिक एवं प्रभारी प्राचार्य श्री शांति कुमार राठौर ने मां सरस्वती, ॐ एवं भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर पूजन-अर्चन किया।

सरस्वती वंदना, राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत के पश्चात प्राचार्य श्री चिंतामणि कौशिक ने बोर्ड परीक्षा में मेरिट सूची में स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ विद्यालय के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करनी चाहिए तथा विद्यालयीन वातावरण को आनंदमय, अनुशासित और आकर्षक बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभानी चाहिए।

इस अवसर पर विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण किया गया। साथ ही नारियल एवं इलायची दाना का प्रसाद भी वितरित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान परीक्षा प्रमुख श्री दीपचंद जंघेला ने विद्यार्थियों को पूरक परीक्षा से संबंधित आवश्यक जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम का सफल संचालन श्री सुरेश सोनी ने किया।

अंत में श्री हेमेंद्र साहू द्वारा आभार प्रदर्शन किया गया। विद्यालय के समस्त आचार्य परिवार के सहयोग एवं सहभागिता से शाला प्रवेश उत्सव सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

TMN News | कुसमुंडा

You may have missed