कोरबा जिले से बड़ी सनसनीखेज वारदात सामने आई है।
कारखाना मोहल्ला निवासी भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ नेता, जनपद सदस्य एवं ठेकेदार अक्षय गर्ग की अज्ञात हमलावरों द्वारा किए गए जानलेवा हमले में मौत हो गई। इस घटना से पूरे कोरबा जिले, विशेषकर कटघोरा क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आज सुबह करीब 9 से 10 बजे के बीच अक्षय गर्ग ग्राम केशलपुर में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत चल रहे सड़क निर्माण कार्य का निरीक्षण करने पहुंचे थे। इसी दौरान काले रंग की कार में सवार होकर आए लगभग तीन अज्ञात हमलावरों ने उन पर धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में अक्षय गर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के तुरंत बाद उन्हें इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस हत्या की वारदात से पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। अस्पताल परिसर के बाहर परिजन, समर्थक और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुटे हुए हैं। सूचना मिलते ही कटघोरा थाना प्रभारी धर्म नारायण तिवारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। वहीं, जिला पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं।
पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है और अज्ञात आरोपियों की तलाश के लिए इलाके में नाकाबंदी कर दी गई है। यह घटना जिले की कानून-व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर रही है।
ब्रेकिंग न्यूज़/कोरबा में खून से सनी राजनीति: BJP नेता अक्षय गर्ग की धारदार हथियार से हत्या











