August 11, 2026

यूट्यूब से सीखी साइबर ठगी, बैंक लोन का झांसा देकर करता था धोखाधड़ी, आरोपी गिरफ्तार

IMG-20260625-WA0116

कोरबा। कोरबा पुलिस के “सजग कोरबा – सतर्क कोरबा” अभियान के तहत साइबर पुलिस थाना ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बैंक लोन दिलाने के नाम पर लोगों से साइबर ठगी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से ठगी की राशि में से ₹27,070 नगद बरामद कर जप्त किया गया है।

पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले तथा नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक ललित चंद्रा एवं उनकी टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया।

पुलिस के अनुसार साइबर थाना कोरबा में दर्ज अपराध क्रमांक 04/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 319(2) तथा सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66(C) एवं 66(D) के अंतर्गत जांच की जा रही थी।

यूट्यूब से सीखी ठगी की तकनीक

जांच में सामने आया कि आरोपी पुष्पेंद्र कुमार मेहर (25 वर्ष), निवासी ग्राम सेमरा, जिला सक्ती, वर्तमान निवासी रिस्दी (बालको), यूट्यूब से साइबर ठगी के तरीके सीखकर लोगों को कम किस्त पर बैंक लोन दिलाने का झांसा देता था।

आरोपी विभिन्न लोगों को अपने प्रभाव में लेकर उनके नाम पर सिम कार्ड हासिल करता और उन्हीं सिम कार्डों का इस्तेमाल साइबर अपराध करने में करता था। वारदात के बाद सबूत मिटाने के लिए सिम कार्ड नष्ट कर देता था।

महिला से 40,500 रुपये की ठगी

पुलिस के मुताबिक 22 जून 2026 को आरोपी ने रूमगढ़ा चौक क्षेत्र में व्यवसाय करने वाली नोनी बाई यादव को मात्र ₹11,000 मासिक किश्त पर ₹5 लाख का लोन दिलाने का लालच दिया। इसके बाद महिला के मोबाइल में संचालित PhonePe के माध्यम से ₹40,500 एक अन्य व्यक्ति के खाते में ट्रांसफर करा लिए।

आरोपी पहले ही उस खाताधारक को भी लोन दिलाने का झांसा देकर उसका QR कोड प्राप्त कर चुका था। राशि ट्रांसफर होने के बाद आरोपी संबंधित व्यक्ति के साथ बैंक पहुंचा और नकद राशि निकलवाकर अपने कब्जे में ले ली।

पूछताछ में आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि वर्ष 2023 में भी उसने एक अन्य व्यक्ति से लोन दिलाने के नाम पर ₹40,000 की धोखाधड़ी की थी।

न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ₹27,070 नगद बरामद कर जप्त किया और उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस अब आरोपी की अन्य साइबर अपराधों में संभावित संलिप्तता की भी जांच कर रही है।

कोरबा पुलिस की अपील

कोरबा पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार के लोन, निवेश योजना या ऑनलाइन ऑफर के नाम पर अज्ञात व्यक्तियों के झांसे में न आएं। किसी भी डिजिटल माध्यम से राशि भेजने से पहले संबंधित संस्था एवं व्यक्ति की सत्यता अवश्य जांच लें।

साइबर ठगी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें या राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें।

TMN News | कोरबा

You may have missed