कोरबा। एसईसीएल गेवरा क्षेत्र में पीएनसी कंपनी द्वारा की जा रही भर्ती प्रक्रिया पर गंभीर आरोप लगे हैं। जानकारी के अनुसार, पी.सी. ऑपरेटर पद के लिए जारी की गई लिस्ट में शामिल अभ्यर्थियों से 60 से 80 हजार रुपये तक वसूले जाने की शिकायत सामने आई है।
ग्रामीणों ने बताया कि भर्ती के नाम पर यह घूसखोरी सरपंच और पार्षदों के माध्यम से की जा रही है। इस संबंध में शिकायत एसईसीएल क्षेत्र के एल एंड आर अधिकारी धीरज चौधरी को भी दी गई थी। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि इस अवैध वसूली की जानकारी अधिकारियों को होने के बावजूद अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई, जिससे आशंका है कि कुछ अधिकारी भी इस गड़बड़ी में शामिल हो सकते हैं।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि पैसा देकर नियुक्त किए गए सभी बाहरी पीसी ऑपरेटरों को तत्काल पीएनसी कंपनी से नहीं हटाया गया, तो वे कंपनी का कार्य पूरी तरह बंद कर देंगे।
ग्राम भठोरा, मिलाई बाजार और नरईबोध के भू-विस्थापितों ने मांग की है कि उन्हें बिना किसी आर्थिक लेन-देन के वैकल्पिक रोजगार उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने संबंधित प्रशासनिक और कंपनी अधिकारियों से त्वरित कार्रवाई की अपील की है ताकि क्षेत्र में पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित हो सके।











