बालको न्यूज़: बालको क्षेत्र में धर्मांतरण को लेकर तनाव बढ़ता जा रहा है। शनिवार को बालको थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 47 रूमगड़ा न्यू शांति नगर बस्ती में उस समय हंगामा मच गया जब एक निजी मकान में कथित रूप से क्रिश्चियन कमेटी द्वारा धर्म परिवर्तन की प्रक्रिया चल रही थी।
सूचना मिलते ही हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और जमकर नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
हिंदू संगठन के सदस्यों का आरोप है कि आयोजन के दौरान सनातन धर्म के खिलाफ आपत्तिजनक बातें कही जा रही थीं और लोगों को पैसे और अन्य प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन कराया जा रहा था। विरोध बढ़ने पर माहौल तनावपूर्ण हो गया। इसी बीच, धर्मांतरण कराने वाले एक व्यक्ति को हिंदू युवाओं ने थप्पड़ जड़ दिया, जिससे स्थिति और बिगड़ गई। दोनों पक्षों के बीच लात-घूंसे और धक्का-मुक्की तक की नौबत आ गई।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रण में लिया।
वार्ड 17 के पार्षद लक्ष्मण श्रीवास ने बताया कि जब वे स्थिति जानने मौके पर पहुंचे, तब संजय मसीह ने उनके साथ धक्का-मुक्की की और जान से मारने की धमकी दी।
इसके बाद पुलिस ने सभी ईसाई समुदाय के लोगों को सुरक्षित स्थान पर भेजा। क्षेत्र के पार्षद लक्ष्मण महंत ने इस घटना की लिखित शिकायत पुलिस को सौंपते हुए दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें हिंदू संगठनों के सदस्य धर्मांतरण कराने वालों का विरोध करते और थप्पड़ मारते नजर आ रहे हैं।











