SECL कुसमुंडा प्रबंधन की पहल, माइनिंग और E&M टीम ने लगातार 48 घंटे काम कर तालाब तक पहुँचाया खदान का पानी

SECL कुसमुंडा प्रबंधन की पहल, माइनिंग और E&M टीम ने लगातार 48 घंटे काम कर तालाब तक पहुँचाया खदान का पानी

कोरबा जिले के कुसमुंडा क्षेत्र में SECL प्रबंधन द्वारा एक सराहनीय पहल करते हुए ग्राम पाली के तालाब में खदान का पानी पहुँचाया गया है। इस पहल से ग्राम पाली और आसपास के क्षेत्रों में जल उपलब्धता में सुधार हुआ है, जिससे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है।
जानकारी के अनुसार, कुसमुंडा खदान से तालाब तक पानी पहुँचाने के लिए माइनिंग और ई एंड एम टीम ने लगातार 48 घंटे तक अथक परिश्रम करते हुए समन्वित तरीके से काम किया। खनन कार्यों के साथ इतनी कम अवधि में इस व्यवस्था को स्थापित करना टीम की कार्यक्षमता और समर्पण को दर्शाता है।
इस कार्य के लिए आवश्यक होज पाइप की व्यवस्था सामग्री प्रबंधन विभाग द्वारा की गई। विभाग ने महज दो दिनों के भीतर सिंगरौली स्थित एनसीएल से आवश्यक सामग्री मंगवाकर उपलब्ध कराई, जिससे काम को समयबद्ध तरीके से पूरा करना संभव हो सका।
बताया जा रहा है कि इस पूरे कार्य में वरीय खनन प्रबंधक समयलाल ने विशेष भूमिका निभाई और लगातार प्रयास करते हुए इस कार्य को सफलतापूर्वक पूर्ण कराया।
कुसमुंडा प्रबंधन का कहना है कि कंपनी खनन कार्यों के साथ-साथ आसपास के गांवों के सामाजिक विकास और जनहित से जुड़े कार्यों के लिए भी प्रतिबद्ध है। भविष्य में भी ग्रामीणों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए इस तरह के जनहितकारी कार्य किए जाते रहेंगे।
इस पहल के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने कुसमुंडा प्रबंधन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि तालाब में पानी आने से जल संकट की स्थिति में काफी राहत मिलने की उम्मीद है।