कोरबा में अखिल भारतीय हास्य कवि सम्मेलन की धूम, हंसी-ठहाकों और व्यंग्य से गूंजा ओपन थिएटर
कोरबा। हंसी के ठहाके, व्यंग्य के तीखे बाण, गीतों की मिठास और श्रृंगार रस की कविताएं… कोरबा में बुधवार की शाम साहित्य और मनोरंजन के नाम रही। निहारिका स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर ओपन एयर ऑडिटोरियम में आयोजित अखिल भारतीय हास्य कवि सम्मेलन-2026 में देश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे कवियों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का दिल जीत लिया।
कविता… जो दिल से दिल तक पहुंचे की थीम पर आयोजित इस काव्य संध्या में कभी हास्य कविताओं पर जोरदार ठहाके गूंजे, तो कभी गीतों और श्रृंगार रस की रचनाओं ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत आमंत्रित कवियों के स्वागत और सम्मान के साथ हुई। मां सरस्वती का स्मरण करते हुए गीतकार मीर अली मीर ने अपनी प्रस्तुति से काव्य सम्मेलन का शुभारंभ किया।

प्रयागराज से पहुंचे अखिलेश द्विवेदी ने हास्य कविताओं से श्रोताओं को खूब गुदगुदाया। रायपुर के गीतकार मीर अली मीर ने गीतों की मिठास बिखेरी, वहीं पश्चिम बंगाल के पवन बांके बिहारी ने अपनी हास्य प्रस्तुतियों से माहौल को खुशनुमा बना दिया। कटनी की प्रियंका मिश्रा ने श्रृंगार रस की कविताओं से कार्यक्रम में चार चांद लगाए।

इसके अलावा कोरबा के हिरामणी वैष्णव, बिलाईगढ़ के शशि भूषण स्नेही और बरमकेला के कमलेश यादव ‘धाकड़’ ने भी अपनी रचनाओं से श्रोताओं को खूब हंसाया। कवियों की प्रस्तुतियों के दौरान पूरा ओपन थिएटर तालियों और ठहाकों से गूंजता रहा।
इस अवसर पर कोरबा की महापौर संजू देवी राजपूत, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक बिलासपुर के पूर्व अध्यक्ष देवेंद्र पांडेय, विश्व हिंदू परिषद के जिलाध्यक्ष अमरजीत सिंह और नरेंद्र मोदी विचार मंच के जिला अध्यक्ष सोनू पांडेय सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर महापौर संजू देवी राजपूत के हाथों आमंत्रित कवियों को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। आयोजक परिवार की ओर से महापौर का भी सम्मान किया गया। साथ ही उपस्थित अतिथियों को स्मृति-चिह्न भेंट किए गए।

आयोजन को सफल बनाने में राजेंद्र जायसवाल, रंजन प्रसाद, पुरुषोत्तम दुबे और ओम गवेल का महत्वपूर्ण योगदान रहा। आयोजन समिति ने कार्यक्रम में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
कुल मिलाकर, हास्य, व्यंग्य, गीत और श्रृंगार रस से सजी यह काव्य संध्या कोरबा के साहित्यप्रेमियों के लिए यादगार बन गई।
कोरबा से रिपोर्ट।
