कोरबा: शहर के टीपी नगर स्थित देसी और अंग्रेजी शराब दुकान के बाहर शनिवार रात जमकर हंगामा और मारपीट हुई। जानकारी के मुताबिक, दुकान के बाहर खुलेआम शराब परोसी जा रही थी और कई लोग वहीं बैठकर मदिरा सेवन कर रहे थे। यह घटना रात लगभग 10 बजे की है, जब दुकान बंद होने वाली थी। इसी दौरान शराब खरीदने को लेकर दो गुटों में विवाद हो गया, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गया।
मारपीट में एक युवक के सिर पर गंभीर चोट आई, जबकि आरोपी घटना के बाद मौके से फरार हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दुकान बंद होने के बाद भी कुछ युवक जबरन अंदर घुसने की कोशिश कर रहे थे और दुकानदारों से गाली-गलौज कर रहे थे। दुकान के बाहर वाहन खड़े कर कई लोग खुलेआम शराब पीते देखे गए।
आसपास की चखना दुकानों और ठेलों पर भी देर रात तक बिक्री जारी रही। यहां तक कि इंदिरा स्टेडियम क्षेत्र में भी शराबखोरी का माहौल बना रहा। देर रात बोतलें बीनने आए लोगों ने बताया कि उन्होंने एक से अधिक बोरियां खाली बोतलों से भर लीं, जो यह दर्शाता है कि आसपास खुलेआम शराबखोरी हो रही थी।
इस पूरे मामले पर आबकारी अधिकारी आशा सिंह ने कहा कि उन्हें घटना की जानकारी नहीं थी, लेकिन अब इसे संज्ञान में लेकर कार्रवाई की जाएगी।











