अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग मुख्यालय अंबिकापुर में चोरी की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। धनतेरस जैसे शुभ दिन पर चोरों ने बीजेपी विधायक प्रबोध मिंज के सरकारी आवास में दिनदहाड़े चोरी की घटना को अंजाम दिया।
जानकारी के अनुसार, लुंड्रा विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रबोध मिंज का सरकारी आवास गांधी चौक स्थित वीवीआईपी इलाके में है, जहां मंत्री राजेश अग्रवाल, मंत्री रामविचार नेताम, एएसपी, एसपी और संभागायुक्त जैसे अधिकारी भी निवास करते हैं। इतने हाई-सिक्योरिटी जोन में चोरी की वारदात ने पुलिस व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
धनतेरस के दिन चोरों ने विधायक के बंगले का ताला तोड़ा और पिकअप वाहन लगाकर सामान भरने लगे। इस दौरान इलाके से गुजर रहे एक कार्यकर्ता ने संदिग्ध गतिविधि देखकर शोर मचाया, जिसके बाद दो आरोपी मौके से फरार हो गए, जबकि पिकअप चालक को पुलिस ने मौके से हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही फरार आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी। लेकिन जिस तरह से पॉश कॉलोनी में विधायक के घर पर दिनदहाड़े चोरी हुई, उसने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है।
स्थानीय लोगों में इस वारदात के बाद दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि “जब वीवीआईपी इलाके में विधायक सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता का क्या होगा?”











