कोरबा, 15 अक्टूबर (वेदांत समाचार)। जिला पुलिस कोरबा द्वारा भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के सहयोग से जिले के समस्त पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पुलिस सैलरी पैकेज योजना का लाभ प्रदान किया जा रहा है। इसी योजना के अंतर्गत सड़क दुर्घटना बीमा योजना के तहत थाना दीपका में पदस्थ आरक्षक भूपेन्द्र सिंह कंवर (बैच 2023) के परिजनों को ₹1,00,00,000/- (एक करोड़ रुपए) की सहायता राशि का चेक प्रदान किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरक्षक भूपेन्द्र सिंह कंवर अपने निवास कटघोरा से दीपका थाना रात्रि ड्यूटी के लिए जा रहे थे। इसी दौरान जवाली के पास तेलर मोड़ के समीप उनकी मोटरसाइकिल दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें उनकी दुर्भाग्यवश मृत्यु हो गई थी।
इस दुखद घटना के बाद कोरबा पुलिस विभाग द्वारा दिवंगत आरक्षक के परिवार को हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है। इसी क्रम में SBI ने पुलिस सैलरी पैकेज योजना के अंतर्गत सड़क दुर्घटना बीमा योजना से प्राप्त ₹1 करोड़ की सहायता राशि का चेक उनके परिजनों को सौंपा।
कोरबा पुलिस परिवार ने आरक्षक भूपेन्द्र सिंह कंवर को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिवारजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।











