कोरबा। जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल कॉफी प्वाइंट पर शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। जांजगीर-चांपा जिले के बलौदा क्षेत्र से घूमने आए एक परिवार की कार बेकाबू होकर करीब 30 फीट गहरी खाई में गिर गई। हादसे में कार पलटने के बावजूद उसमें सवार सभी चार लोग सुरक्षित बच निकले।
सुबह करीब 6 बजे हुई इस घटना में कार का एयरबैग खुलने से यात्रियों की जान बच गई। मौके पर मौजूद राहगीरों ने तुरंत मदद कर परिवार को बाहर निकाला। हालांकि हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
जानकारी के अनुसार, बालकोनगर से कॉफी प्वाइंट होते हुए लेमरू जाने वाला यह मार्ग पूरी तरह पहाड़ी और घाटियों से घिरा हुआ है। यहां अक्सर तेज रफ्तार या लापरवाही से चलाए गए वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर जाते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होने के कारण आए दिन हादसे होते रहते हैं।











