रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सोशल मीडिया पर वायरल हुआ एक विवादित पोस्टर इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। इस पोस्टर में खुलेआम “न्यूड पार्टी” का आमंत्रण दिया गया था, जिसमें युवाओं को शराब लेकर आने और आपत्तिजनक गतिविधियों में शामिल होने के लिए कहा गया था।
जैसे ही यह मामला सामने आया, शहर में हड़कंप मच गया और पुलिस तत्काल हरकत में आई। पुलिस ने इस संबंध में दो युवकों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ जारी है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ये पोस्टर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर तेजी से शेयर किए जा रहे थे। हालांकि, इसमें पार्टी की सही जगह और तारीख का उल्लेख नहीं था, जिसके कारण आयोजकों तक पहुँचना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गया है।
इस विवादित पोस्टर के वायरल होने के बाद कई सामाजिक संगठनों और नेताओं ने कड़ी आपत्ति दर्ज कराई। कांग्रेस नेताओं ने भी पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है। साथ ही सोशल मीडिया कंपनी Meta से भी संपर्क किया जा रहा है ताकि पोस्टर शेयर करने वालों का IP एड्रेस और अन्य तकनीकी जानकारी हासिल की जा सके।











