कोरबा। ऑनलाइन ठगी, बैंक फ्रॉड और सोशल मीडिया से जुड़े अपराधों के बढ़ते मामलों को देखते हुए कोरबा पुलिस ने साइबर अपराधियों पर नकेल कसने की पूरी तैयारी कर ली है। अब जिले में साइबर पुलिस थाना की औपचारिक शुरुआत कर दी गई है, जिससे साइबर मामलों में जांच और कार्रवाई दोनों पहले से कहीं ज्यादा तेज होगी।
पुलिस अधीक्षक कोरबा के निर्देश पर नवगठित साइबर थाने में प्रशिक्षित स्टाफ की तैनाती कर दी गई है। लंबे समय से साइबर अपराधों की जांच में अहम भूमिका निभा रहे उप निरीक्षक अजय सोनवानी को साइबर पुलिस थाना कोरबा का प्रभारी बनाया गया है।
इस विशेष थाने में सहायक उप निरीक्षक, प्रधान आरक्षक और आरक्षक स्तर के अधिकारी-कर्मचारी तैनात किए गए हैं, जो हाईटेक और तकनीकी रूप से जटिल मामलों की बारीकी से जांच करेंगे।
अब ऑनलाइन ठगी, यूपीआई और बैंकिंग फ्रॉड, फर्जी कॉल, सोशल मीडिया हैकिंग और डिजिटल धोखाधड़ी जैसे मामलों में न सिर्फ त्वरित कार्रवाई होगी, बल्कि अपराधियों तक जल्दी पहुंच भी बनाई जा सकेगी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि साइबर थाना शुरू होने से आम जनता को बड़ी राहत मिलेगी और जिले में डिजिटल अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सकेगा। साथ ही लोगों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का काम भी किया जाएगा।
कोरबा में साइबर अपराधियों की अब खैर नहीं, जिले को मिला अपना साइबर पुलिस थाना











