कोरबा। जिले में बदमाशों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आ रहे हैं। बीती रात लुटेरों ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दो लूट की वारदातों को अंजाम देकर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पहली घटना चैतमा चौकी क्षेत्र की है, जहां गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात करीब 1 बजे चार नकाबपोश बदमाशों ने एक पेट्रोल पंप पर धावा बोला। लाठी-डंडे और चाकू से लैस बदमाशों ने वहां मौजूद कर्मचारी कांशीराम टाडिया और राजकुमार कश्यप को बंधक बना लिया और उनके साथ मारपीट करते हुए करीब 8,500 रुपये लूट लिए।
वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाशों ने दोनों कर्मचारियों को पेट्रोल पंप के कमरे में बंद कर दिया और मौके से फरार हो गए। कर्मचारियों ने किसी तरह मैनेजर रामकुमार पटेल को फोन कर पूरी घटना की जानकारी दी। मैनेजर मौके पर पहुंचा और कर्मचारियों को बाहर निकालकर पुलिस को सूचना दी।
मारपीट में घायल कर्मचारी कांशीराम के चेहरे पर चोट के निशान पाए गए, जिन्हें अस्पताल भेजा गया। प्राथमिक उपचार के बाद पुलिस ने दोनों कर्मचारियों के बयान दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दूसरी घटना कुसमुंडा क्षेत्र की है, जहां बदमाशों ने एक ट्रक चालक से 8,000 रुपये नकद और मोबाइल फोन लूट लिया।
मामले को लेकर एएसपी नीतिश ठाकुर ने बताया कि पेट्रोल पंप कर्मचारियों से लूट की शिकायत पर अपराध दर्ज कर लिया गया है और बदमाशों की तलाश की जा रही है।
गौरतलब है कि इस क्षेत्र में पहले भी कई पेट्रोल पंपों को बदमाश निशाना बना चुके हैं। हालांकि ऑनलाइन भुगतान बढ़ने के कारण अब पेट्रोल पंपों पर नकदी कम रहती है, फिर भी बदमाश वारदात करने से बाज नहीं आ रहे हैं।
कोरबा में लुटेरों का आतंक: पेट्रोल पंप कर्मचारियों को बंधक बनाकर 8,500 की लूट, ट्रक चालक से मोबाइल और नकदी छीनी











