कोरबा/कुसमुंडा। जिले के कुसमुंडा क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को निखारने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल करते हुए विश्वामित्र बहुउद्देशीय सेवा समिति, आर्या बॉयज़ एवं काका स्पोर्टिंग के संयुक्त तत्वाधान में अंडर-14 क्रिकेट एवं बैडमिंटन कोचिंग सेंटर का भव्य शुभारंभ किया गया। यह केंद्र जिले का पहला फ्लड लाइट नेट क्रिकेट कोचिंग सेंटर है, जहां शाम के समय भी बच्चों को आधुनिक सुविधाओं के साथ प्रशिक्षण मिलेगा।
इस कोचिंग सेंटर की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यहां फ्लड लाइट की सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जिससे बच्चों को शाम 6 बजे से 8 बजे तक नियमित प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे स्कूल और ट्यूशन के बाद भी बच्चे आसानी से खेल अभ्यास कर सकेंगे और अपनी प्रतिभा को निखार पाएंगे।इस कोचिंग कैंप में बच्चों को ड्यूस बॉल क्रिकेट के माध्यम से आधुनिक तकनीक के साथ प्रशिक्षण दिया जाएगा, साथ ही बैडमिंटन की भी विधिवत कोचिंग दी जाएगी।
कोचिंग के पहले ही दिन 16 से 20 बच्चों ने उत्साहपूर्वक पंजीयन कर भाग लिया, जिससे क्षेत्र में खेल के प्रति बढ़ती जागरूकता और रुचि स्पष्ट दिखाई दी।इस शुभ अवसर पर समिति के मुख्य अध्यक्ष रंजन आर्या, सचिव जीत सिंह, उपाध्यक्ष भूपेंद्र दास, संरक्षक बी.एम. मनोहर, अमिया मिश्रा, अमरजीत सिंह, कुसमुंडा प्रेस क्लब के कोषाध्यक्ष सुनील अब्राहीम, सह सचिव शशांक पटेल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में कोच चित्रसेन नाहक, कमल नारायण साहू, वीरेंद्र टोप्पो, नील, अनिल यादव, मनीष राठौर, बंटा, रामदास महंत, सोनू सिमरन, चंचल, सोनू गज समेत खेलप्रेमी और समाजसेवी भी मौजूद रहे।
कोचिंग में बच्चों को अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा क्रिकेट की सभी बारीकियां सिखाई जाएंगी, जिसमें बैटिंग, बॉलिंग, कीपिंग और फील्डिंग का विशेष प्रशिक्षण शामिल है। आयोजकों ने बताया कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को मंच देना और उन्हें जिला, राज्य व राष्ट्रीय स्तर तक तैयार करना है।कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि यह प्रशिक्षण केंद्र आने वाले समय में कुसमुंडा और आसपास के क्षेत्र के बच्चों के लिए खेल के क्षेत्र में उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव साबित होगा। बच्चों और अभिभावकों में इस पहल को लेकर खासा उत्साह देखा गया।











