करतला–उरगा हाटी रोड बना ‘मौत का हाईवे’, ओवरलोड राखड़ वाहन बेखौफ

करतला–उरगा हाटी रोड बना ‘मौत का हाईवे’, ओवरलोड राखड़ वाहन बेखौफ


करतला–उरगा हाटी मुख्य मार्ग पर इन दिनों राखड़ से लदे ओवरलोड भारी वाहन आम जनता के लिए गंभीर खतरा बनते जा रहे हैं। तय मानकों से कई गुना अधिक वजन लेकर दौड़ रहे ये वाहन न केवल सड़क की हालत खराब कर रहे हैं, बल्कि पैदल राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों की सुरक्षा पर भी सीधा असर डाल रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि दिन-रात तेज रफ्तार से गुजरने वाले इन भारी वाहनों के कारण सड़क पर चलना मुश्किल हो गया है। उड़ती राखड़ से आसपास का वातावरण प्रदूषित हो रहा है, वहीं अचानक ब्रेक लगने, वाहन पलटने या बड़े हादसे की आशंका हर समय बनी रहती है।
सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि इस गंभीर समस्या के बावजूद यातायात विभाग और संबंधित जिम्मेदार अधिकारी पूरी तरह मौन नजर आ रहे हैं। न तो नियमित रूप से वाहनों के वजन की जांच की जा रही है और न ही ओवरलोडिंग करने वालों के खिलाफ कोई सख्त कार्रवाई देखने को मिल रही है। इससे वाहन संचालकों के हौसले और भी बुलंद हो गए हैं।
स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों ने प्रशासन से मांग की है कि करतला–उरगा हाटी रोड पर ओवरलोड राखड़ वाहनों के खिलाफ तत्काल अभियान चलाया जाए, भारी जुर्माना लगाया जाए और नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई, तो कोई बड़ा सड़क हादसा होने से इंकार नहीं किया जा सकता।
अब सवाल यह है कि क्या जिम्मेदार अधिकारी जनता की सुरक्षा को लेकर गंभीर होंगे या किसी बड़ी दुर्घटना के बाद ही नींद टूटेगी।