रायपुर: छत्तीसगढ़ में ठंड का असर दिन-प्रतिदिन तेज होता जा रहा है। प्रदेश के अधिकांश जिलों में शीतलहर का दौर जारी है, जिससे तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जा रही है। कई इलाकों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच चुका है। राजधानी रायपुर में सुबह घना कोहरा छाया रहता है, जबकि रात के समय सर्द हवाएं लोगों को कंपकंपाने पर मजबूर कर रही हैं।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले 24 से 48 घंटों में ठंड और बढ़ने की संभावना है। खासकर उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के जिलों में शीतलहर का प्रभाव अधिक देखने को मिल सकता है। प्रदेश का सबसे ठंडा इलाका अंबिकापुर बना हुआ है, जहां न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया है। वहीं पेंड्रा में पारा 8.7 डिग्री तक गिर गया है।
राजधानी रायपुर में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है, जबकि नवा रायपुर में तापमान 9.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और ठंड से बचाव के उपाय अपनाने की अपील की है।
इन जिलों में शीतलहर की चेतावनी जारी
मौसम विभाग ने 16 दिसंबर को छत्तीसगढ़ के कई जिलों में शीतलहर को लेकर अलर्ट जारी किया है। इनमें रायपुर, कोरिया, बिलासपुर, कोरबा, सूरजपुर, बलरामपुर, जशपुर, सरगुजा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, मुंगेली, कबीरधाम, राजनांदगांव, दुर्ग और बालोद शामिल हैं।
ठंड के बढ़ते असर को देखते हुए मौसम विभाग ने बुजुर्गों, बच्चों और बीमार व्यक्तियों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।











