कोरबाछत्तीसगढ़

कोरबा,कुसमुंडा में दिखा दुर्लभ नज़ारा — पेड़ों पर बसेरा बनाए बैठे विशाल फ्लाइंग फॉक्स


छत्तीसगढ़ के कुसमुंडा धर्मपुर क्षेत्र में हाल ही में प्रकृति का एक बेहद अनोखा और दुर्लभ दृश्य कैमरे में कैद हुआ। एक ऊँचे पेड़ पर सैकड़ों की संख्या में उड़ने वाली लोमड़ियाँ (Fruit Bats / फ्लाइंग फॉक्स) आराम करती दिखाई दीं। दिन के समय इस तरह बड़े झुंड में इन विशाल चमगादड़ों का दिखाई देना लोगों के लिए हैरानी और उत्सुकता का विषय बन गया है।

दुनिया के सबसे बड़े चमगादड़ों में शामिल फ्लाइंग फॉक्स का पंख फैलाव लगभग 5 फीट (1.5 मीटर) तक पहुंच सकता है। ये मेडागास्कर से लेकर ऑस्ट्रेलिया तक फैले उष्णकटिबंधीय द्वीपों और एशिया के घने जंगलों में पाए जाते हैं। धर्मपुर में दिखाई देने वाली प्रजाति को विशेषज्ञ भारतीय उड़ने वाली लोमड़ी मानते हैं।

दिनभर पेड़ों की ऊँची डालियों पर उल्टा लटककर आराम करने वाली ये प्रजाति रात के अंधेरे में सक्रिय होती है और फलों, फूलों, पेड़ के रस जैसे प्राकृतिक आहार का सेवन करती है।
इनकी खासियत यह है कि ये अन्य चमगादड़ों की तरह इकोलोकेशन का इस्तेमाल नहीं करते, बल्कि अपनी तेज और विकसित दृष्टि के सहारे उड़ान और दिशा का पता लगाते हैं।

पर्यावरणविदों के अनुसार, फ्लाइंग फॉक्स जंगलों में बीज फैलाने और परागण का महत्वपूर्ण काम करते हैं, जो वनों के प्राकृतिक संवर्धन में मदद करता है।
धर्मपुर में इनका ऐसा बड़ा झुंड दिखना न सिर्फ अद्भुत दृश्य है, बल्कि यह क्षेत्र की समृद्ध जैव-विविधता का प्रमाण भी है।


Exit mobile version