नेन्द्रगढ़: मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के ग्राम पंचायत चनवारीडांड में शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। वन विभाग डिपो के पास एक थैले में नवजात बच्ची लावारिस हालत में मिली, जिसे सुबह टहलने निकले लोगों ने रोने की आवाज सुनकर बचा लिया।
स्थानीय लोगों ने तुरंत बच्ची को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत स्थिर और सुरक्षित बताई है। फिलहाल नवजात को मेडिकल टीम की विशेष निगरानी में रखा गया है।
सड़क किनारे झोले में छोड़ गए थे नवजात
जानकारी के अनुसार, किसी अज्ञात व्यक्ति ने सुबह के समय नवजात बच्ची को एक झोले में डालकर सड़क किनारे फेंक दिया था। अगर राहगीर समय पर आवाज न सुनते, तो बड़ी अनहोनी हो सकती थी।
अस्पताल स्टाफ ने दिखाई तत्परता
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों और स्टाफ ने नवजात को तुरंत प्राथमिक उपचार दिया। बच्ची की स्थिति सामान्य बताई जा रही है और उसे लगातार मॉनिटरिंग में रखा गया है।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलते ही कोतवाली मनेंद्रगढ़ पुलिस अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के CCTV और इलाके के लोगों से पूछताछ कर रही है, ताकि बच्ची को छोड़ने वाले का पता लगाया जा सके।











