Bhilai News: पुलिस आरक्षक पर महिला से यौन शोषण का गंभीर आरोप, बजरंग दल ने थाना घेरा, SSP ने तुरंत सस्पेंड किया

Bhilai News: पुलिस आरक्षक पर महिला से यौन शोषण का गंभीर आरोप, बजरंग दल ने थाना घेरा, SSP ने तुरंत सस्पेंड किया

भिलाई से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुरानी भिलाई थाना में पदस्थ एक आरक्षक अरविंद मेधे पर एक महिला ने यौन उत्पीड़न और शारीरिक शोषण का आरोप लगाया है। शिकायत सामने आते ही मामले ने तूल पकड़ लिया और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने थाने के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। बढ़ते दबाव के बीच एसएसपी ने आरक्षक को निलंबित कर दिया और डीएसपी भारती मरकाम को 7 दिनों के भीतर जांच रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए हैं।


क्या है पूरा मामला?

जानकारी के अनुसार, महिला के नाबालिग बेटे को हाल ही में POCSO एक्ट के तहत पकड़ा गया था और उसे बाल सुधार गृह भेजा गया था। बेटे की रिहाई के लिए मदद मांगने महिला पुरानी भिलाई थाने पहुंची, जहां तैनात आरक्षक अरविंद मेधे ने उसका फोन नंबर ले लिया और उसे अपने नंबर से संपर्क करने को कहा।

कुछ समय बाद आरक्षक ने महिला को सिरसा गेट के पास मिलने बुलाया। महिला उसके कहने पर पहुंची, जहां आरक्षक उसे अपनी बाइक से एक सुनसान जगह पर ले गया। वहीं उसने महिला के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाने की कोशिश की। महिला द्वारा पीरियड्स होने की जानकारी देने पर भी आरक्षक ने उसके सीने और निजी अंगों को छूने की कोशिश की। इससे घबराई महिला तुरंत वहां से निकल गई और पूरे मामले की जानकारी बजरंग दल को दी।


थाने के बाहर हंगामा, आरक्षक सस्पेंड

बुधवार सुबह बजरंग दल के कार्यकर्ता महिला को साथ लेकर पुरानी भिलाई थाना पहुंचे और तत्काल FIR दर्ज करने की मांग करते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। स्थिति बिगड़ते देख पुलिस अधिकारियों ने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी।

कुछ ही देर में एएसपी पद्मश्री तंवर थाने पहुंची और महिला का बयान दर्ज किया। इसके बाद पुलिस ने आरक्षक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसे निलंबित कर दिया।


“वर्दी पर भरोसा किया, लेकिन दरिंदे छिपे हैं” – बजरंग दल

जिला संयोजक पुष्पराज और हिंदूवादी संगठन की ज्योति शर्मा ने कहा कि लोग वर्दी पर भरोसा करते हैं, लेकिन इस मामले ने पुलिस की छवि पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
उन्होंने कहा—

“अगर महिला पीरियड्स में न होती तो उसकी इज्जत पूरी तरह लुट जाती। एक मां अपने बेटे को बचाने के लिए किसी भी हद तक जा सकती है, लेकिन पुलिस की यह हरकत बेहद शर्मनाक है।”