कुसमुंडा गेवरा बस्ती स्थित सरस्वती शिशु मंदिर में 14 नवंबर को बाल दिवस के अवसर पर शानदार आनंद मेले का आयोजन किया गया। मेले में बच्चों ने तरह-तरह के स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टॉल लगाए, जिनका आनंद अभिभावकों से लेकर आचार्य परिवार सहित सभी लोगों ने खूब उठाया। बच्चों के मनोरंजन के लिए अलग-अलग गेम भी रखे गए, जो पूरे मेले का आकर्षण बने रहे।
कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि पूरे मेले में स्वच्छता और पर्यावरण का खास ध्यान रखा गया। प्लास्टिक का उपयोग पूरी तरह बंद था और सभी कचरे के लिए डस्टबिन की उचित व्यवस्था की गई थी, जिससे बच्चे भी स्वच्छता के प्रति जागरूक हो सकें।
मां सरस्वती, भारत माता और ‘ॐ’ के पूजन के साथ कार्यक्रम की शुभ शुरुआत हुई। प्राथमिक कक्षाओं के छात्रों द्वारा तैयार किए गए चित्रों और झांकियों की प्रदर्शनी ने आगंतुकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं माध्यमिक और उच्चतर माध्यमिक के विद्यार्थियों ने अपने कक्षाचार्यों के मार्गदर्शन में आकर्षक व्यंजनों की पूरी बगिया सजा दी।
चाट, गुपचुप, पापड़ी चाट, मंचूरियन, स्वीट कॉर्न, दोसा, साबूदाने का बड़ा, नारियल लड्डू, आंवले का जूस और चाऊमीन जैसे स्वादिष्ट पकवानों ने लोगों का मन मोह लिया।
विद्यालय के प्राचार्य श्री चिंतामणि कौशिक ने इस सफल आयोजन का श्रेय विद्यालय के सभी छात्रों और आचार्यों की मेहनत को दिया। बड़ी संख्या में अभिभावक और समाज के सम्मानित नागरिक कार्यक्रम में उपस्थित रहे। अगले वर्ष मेले को और भव्य बनाने को लेकर चर्चा भी की गई।
कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य ने सभी को बाल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने की प्रेरणा दी।











