कोरबा। जिले के कुसमुंडा थाना क्षेत्र में तहसीलदारों से मारपीट करने वाले आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों का जुलूस निकालकर क्षेत्र में सख्त संदेश दिया है कि कुसमुंडा में अब किसी भी तरह की गुंडागर्दी या असामाजिक हरकत बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
घटना बीते मंगलवार रात की है, जब दीपका तहसीलदार अमित केरकेट्टा और हरदीबाजार नायब तहसीलदार अभिजीत राजभानू किसी काम से आदर्श नगर गए हुए थे। देर रात लगभग 10 से 11 बजे के बीच जब वे रमेश जेंट्स ब्यूटी पार्लर के पास लौट रहे थे, तभी कुछ नशे में धुत युवकों ने उनके चालक से पार्किंग को लेकर विवाद शुरू कर दिया।
विवाद बढ़ने पर तहसीलदार मौके पर पहुंचे और युवकों को शांत करने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने न केवल गाली-गलौज की बल्कि डंडों से हमला कर दिया। इस दौरान एक तहसीलदार गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आरोपी युवक फरार हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तहसीलदारों को अस्पताल पहुंचाया। घटना की गंभीरता को देखते हुए कुसमुंडा थाना प्रभारी युवराज सिंह तिवारी ने रातोंरात सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान की। पुलिस ने देर रात ही करीब आधा दर्जन युवकों को हिरासत में ले लिया।
गवाहों और पीड़ित अधिकारियों के बयान के आधार पर पुनेश शर्मा, प्रीतम सारथी और पंकज पांडेय को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। वहीं हितेश सारथी और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। इनके खिलाफ हत्या के प्रयास, लूट, मारपीट और शासकीय कार्य में बाधा जैसे गंभीर अपराधों की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने आरोपियों को जेल भेजने से पहले उनका कुसमुंडा कॉलोनी में जुलूस निकाला, जिससे क्षेत्र में कानून व्यवस्था का सख्त संदेश दिया जा सके। थाना प्रभारी ने कहा —
“कुसमुंडा क्षेत्र शांतिपूर्ण है, यहां किसी प्रकार की गुंडागर्दी या दबंगई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”











