कोरबा। जिले की दीपका खदान में एक बार फिर दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। सोमवार शाम लगभग 6:30 बजे एक तेज रफ्तार भारी वाहन ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान निलेश पटेल (25 वर्ष) निवासी बुड़गहन (बलौदा) के रूप में हुई है। निलेश एसईसीएल दीपका खदान में नियोजित एक निजी ट्रांसपोर्ट कंपनी में कार्यरत था और रोजाना की तरह अपनी बाइक (CG-11-AT-1005) से घर लौट रहा था। इस दौरान इरेक्शन यार्ड के सामने से गुजर रहे तेज रफ्तार वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद युवक वाहन के नीचे आ गया, जिससे सिर कुचल जाने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
दीपका खदान क्षेत्र में लगातार हो रहे हादसों ने एक बार फिर प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि खदान क्षेत्र में भारी वाहनों की बेकाबू रफ्तार और सुरक्षा नियमों की अनदेखी के चलते ऐसी घटनाएं बार-बार हो रही हैं।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और आगे की जांच शुरू कर दी है।











