रायपुर:
छत्तीसगढ़ सरकार ने पुलिस अकादमी चंदखुरी में पदस्थ आईजी रतनलाल डांगी के खिलाफ लगे यौन उत्पीड़न और मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोपों के बाद बड़ी कार्रवाई की है। गृह विभाग ने आदेश जारी कर डांगी को तुरंत प्रभाव से पद से हटाते हुए, उनकी जगह सीनियर आईपीएस अजय यादव को नया प्रभारी नियुक्त किया है।
यह कार्रवाई एसआई की पत्नी और योग प्रशिक्षिका द्वारा लगाए गए आरोपों के करीब 14 दिन बाद की गई है।
गृह विभाग के सचिव हिमशिखर गुप्ता द्वारा जारी आदेश के अनुसार, पीड़िता ने 15 अक्टूबर को पुलिस मुख्यालय में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई थी।
पीड़िता ने अपने बयान में बताया कि वर्ष 2017 में कोरबा में एसपी रहते हुए उनकी पहचान रतनलाल डांगी से हुई थी। दंतेवाड़ा में पदस्थ रहने के दौरान वह वीडियो कॉल के जरिए योग सिखाती थीं, लेकिन बाद में डांगी द्वारा उत्पीड़न और धमकी देने का सिलसिला शुरू हो गया।
शिकायत में यह भी उल्लेख है कि डांगी पत्नी की अनुपस्थिति में महिला को बंगले पर बुलाते थे, और मना करने पर स्थानांतरण (ट्रांसफर) की धमकी देते थे।
मामले की जांच के लिए आईजी आनंद छाबड़ा को जिम्मेदारी सौंपी गई है। जांच दल में महिला अधिकारी भी शामिल हैं। टीम सबसे पहले पीड़िता का बयान और डिजिटल साक्ष्य एकत्र करेगी, उसके बाद आईजी डांगी का बयान दर्ज किया जाएगा।
वहीं, आईपीएस रतनलाल डांगी ने इन आरोपों को झूठा और ब्लैकमेल की साजिश बताया है। उनका कहना है कि संबंधित महिला उन्हें बदनाम करने की कोशिश कर रही है।
गृह विभाग ने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की विभागीय कार्रवाई की जाएगी।











