Dantewada Naxal News: नक्सलियों का खौफ! सुरक्षाबलों के अभियान से बौखलाए नक्सलियों ने ग्रामीण की हत्या

Dantewada Naxal News: नक्सलियों का खौफ! सुरक्षाबलों के अभियान से बौखलाए नक्सलियों ने ग्रामीण की हत्या

दंतेवाड़ा (छत्तीसगढ़): राज्य में नक्सल उन्मूलन के लिए चलाए जा रहे लगातार ऑपरेशन से माओवादी संगठन बौखलाए हुए हैं। एक ओर जहां नक्सली वार्ता की बात कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर उन्होंने निर्दोष ग्रामीण को मौत के घाट उतार दिया।

नीलावाया गांव में नक्सलियों की दरिंदगी

जानकारी के मुताबिक, अरनपुर थाना क्षेत्र के नीलावाया गांव में गुरुवार देर रात हथियारबंद नक्सली पहुंचे और ग्रामीण बंडी कोर्राम को घर से बाहर बुलाकर धारदार हथियार से वार कर दिया। हमले में बंडी की मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि बंडी का परिवार पहले से ही नक्सलियों के निशाने पर था। करीब चार साल पहले उसके बेटे हरेंद्र कोर्राम की भी नक्सलियों ने हत्या कर दी थी। उस समय सरकार ने परिवार को आर्थिक मदद और उनकी बेटी को पुलिस विभाग में नौकरी दी थी।

पुलिस की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षाबल मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। अधिकारियों का कहना है कि यह हत्या नक्सलियों की दहशत फैलाने की कोशिश है।

नक्सल विरोधी अभियान तेज

केंद्र और राज्य सरकार मिलकर नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में लगातार अभियान चला रही है। बीते दो सालों में माओवादियों को बड़ा नुकसान उठाना पड़ा है। हाल ही में सुरक्षा बलों ने माओवादी संगठन के शीर्ष नेता केशवराव उर्फ बसवा राजू को एनकाउंटर में ढेर कर दिया था।
सूत्रों के अनुसार, कभी 40 सदस्यों वाली नक्सली सेंट्रल कमेटी अब घटकर केवल 9-10 तक सीमित रह गई है।

माओवादियों का पत्र: वार्ता की अपील

इसी बीच माओवादी नेता अभय के नाम से एक पत्र सामने आया है, जिसमें हथियार छोड़कर मुख्यधारा में शामिल होने और शांति वार्ता की इच्छा जताई गई है। पत्र में लिखा है कि बदलते हालात और सरकार के अनुरोध को देखते हुए उन्होंने अस्थायी रूप से संघर्ष रोकने का फैसला लिया है।
पत्र में यह भी कहा गया है कि संगठन आगे गृह मंत्रालय या प्रतिनिधिमंडल से बातचीत करने के लिए तैयार है।