कोरबा गोलीकांड: पोस्टमार्टम में युवती के कंधे से निकली गोली, परिजनों को मिला आर्थिक मदद और नौकरी का वादा

कोरबा गोलीकांड: पोस्टमार्टम में युवती के कंधे से निकली गोली, परिजनों को मिला आर्थिक मदद और नौकरी का वादा

कोरबा। हरदीबाजार थाना क्षेत्र में हुए दोहरे हत्याकांड के बाद मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम जिला मेडिकल कॉलेज में किया गया। पोस्टमार्टम के दौरान डॉक्टरों की टीम को बड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा, क्योंकि 17 वर्षीय मंदासा के कंधे में गोली फंसी हुई थी। एक्स-रे के बाद ऑपरेशन कर गोली को निकाला गया। जानकारी के अनुसार, मंदासा को तीन गोलियां लगी थीं, जबकि 35 वर्षीय राजेश बिंझवार को दो गोलियां लगीं। पुलिस और परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम पूरा कर शव परिजनों को सौंप दिए गए।

चक्काजाम के बाद प्रशासन ने दी राहत

घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर विरोध दर्ज कराया। लगभग 8 घंटे की बातचीत के बाद प्रशासन ने ग्रामीणों को शांत कराया। समझौते के तहत मृतकों के परिवारों को 30-30 हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी गई और एक परिजन को नौकरी देने का भरोसा दिलाया गया।

आरोपी जवान पर कार्रवाई

मामले का आरोपी सीएएफ जवान टेसराम बिंझवार बताया जा रहा है। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान वह रिजर्व बल में ड्यूटी पर था, लेकिन ड्यूटी छोड़कर लिफ्ट लेकर घटनास्थल पर पहुंचा और वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।